बिहार के सुपौल में दर्दनाक हादसा, कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं की भीड़ में घुसी तेज रफ्तार कार; 5 की मौत
बिहार के सुपौल में झूलन उत्सव के दौरान कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं की भीड़ में तेज रफ्तार कार घुस गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई।
बिहार के सुपौल जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। पिपरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने भजन-कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं की भीड़ को कुचल दिया। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, कटैया पंचायत के कटैया गोठ चौक स्थित बजरंगबली मंदिर के पास ग्रामीण झूलन उत्सव के अवसर पर भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज गति से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसी। कार की चपेट में आने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कटैया पंचायत के वार्ड संख्या 15 निवासी सुरेंद्र यादव (45) तथा वार्ड संख्या 12 निवासी तिलई उर्फ तिलो दास (65) और राजू दास (50) के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
और पढ़ें: तेलंगाना के सूर्यापेट में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई निजी बस; 6 यात्रियों की मौत, कई घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। भागने के दौरान कार एक गैरेज से टकरा गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है और वाहन के मालिक की पहचान करने के साथ चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-327ई को जाम कर दिया और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। स्थिति को शांत कराने के लिए सदर इंस्पेक्टर संजय यादव, सदर एसडीएम मनोज कुमार साहू और साइबर डीएसपी सौरभ गुप्ता मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि चालक और वाहन से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के बाद हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।
और पढ़ें: दिल्ली के आईटीओ में सड़क हादसा, दो विधायकों समेत छह लोग घायल