महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में भूकंप के झटके, नागेपल्ली क्षेत्र में भी महसूस हुई हलचल
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में गुरुवार तड़के 3.6 तीव्रता का भूकंप आया। सिरोंचा-अहेरी और नागेपल्ली में झटके महसूस हुए, लेकिन अभी तक किसी जनहानि या नुकसान की सूचना नहीं है।
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में गुरुवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भूकंप के कारण सिरोंचा-अहेरी क्षेत्र के साथ-साथ नागेपल्ली इलाके में भी धरती में हलचल महसूस हुई। भूकंप के झटके सुबह करीब 4 बजकर 36 मिनट पर आए, जिसके बाद स्थानीय लोगों में कुछ समय के लिए डर का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 दर्ज की गई है। इसकी गहराई जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे बताई जा रही है। शुरुआती रिपोर्ट में भूकंप का केंद्र गढ़चिरौली जिले के सिरोंचा तालुका के आरक्षित वन क्षेत्र में होने की जानकारी सामने आई है।
भूकंप को हल्के स्तर का माना जा रहा है। राहत की बात यह है कि अभी तक इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने, जनहानि या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है। हालांकि, नागेपल्ली क्षेत्र में भी झटके महसूस होने के कारण लोगों में चिंता देखी गई।
और पढ़ें: गढ़चिरौली के आश्रम स्कूल में जहरीले सांप का कहर, तीन आदिवासी छात्राओं की मौत
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में हाल के दिनों में भूकंप की कई घटनाएं सामने आई हैं। 14 अगस्त को नासिक जिले में 3.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इससे तीन दिन पहले पालघर जिले में भी भूकंप के दो झटके महसूस किए गए थे। इनकी तीव्रता क्रमशः 3.2 और 3.4 थी।
क्यों आता है भूकंप?
भूकंप आने की प्रमुख वजह धरती के भीतर मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधियां होती हैं। ये प्लेटें लगातार धीरे-धीरे खिसकती रहती हैं। जब प्लेटें आपस में टकराती हैं, एक-दूसरे से रगड़ खाती हैं या अचानक खिसकती हैं, तो धरती के भीतर बड़ी मात्रा में ऊर्जा जमा होती है।
यह ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है तो जमीन में कंपन पैदा होता है और हमें भूकंप के झटके महसूस होते हैं। भूकंप की तीव्रता और गहराई के आधार पर इसके प्रभाव अलग-अलग हो सकते हैं। गढ़चिरौली में आया 3.6 तीव्रता का भूकंप फिलहाल हल्का माना जा रहा है।