×
 

सीतापुर बीजेपी कार्यालय में जिलाध्यक्ष के कमरे में निकला किंग कोबरा, पांच घंटे में हुआ रेस्क्यू

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बीजेपी कार्यालय के जिलाध्यक्ष के कमरे के एसी में करीब पांच फीट लंबा किंग कोबरा मिला। वन विभाग ने पांच घंटे में उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया।

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बुधवार सुबह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाध्यक्ष के कमरे में लगे एसी के अंदर करीब पांच फीट लंबा किंग कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई। हालांकि, राहत की बात रही कि वन विभाग की टीम ने समय रहते सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला के कमरे की सफाई करने पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर एसी के पिछले हिस्से से बाहर निकली एक लंबी पूंछ पर पड़ी। कर्मचारी को किसी जीव के छिपे होने का संदेह हुआ और उसने डंडे से उसे हिलाने की कोशिश की।

इसके बाद सांप का पिछला हिस्सा एसी से बाहर निकल आया। कुछ देर बाद उसका सिर भी एसी के सामने वाले हिस्से से दिखाई देने लगा। किंग कोबरा को देखते ही सफाई कर्मचारी घबरा गया और कमरे से बाहर निकलकर उसने जिलाध्यक्ष को इसकी जानकारी दी।

और पढ़ें: मैथ्यू वैन डाइक मामला: एनआईए ने कहा- यूएपीए जांच नहीं हुई बंद, सातों आरोपियों के खिलाफ जांच जारी

राजेश शुक्ला की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी सावधानी से एसी के पीछे से सांप को बाहर निकालने का प्रयास किया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद किंग कोबरा को पकड़ लिया गया। एसी से बाहर निकलने के बाद सांप पास की खिड़की की ओर रेंगने लगा था।

सांप के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद कार्यालय के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। किंग कोबरा को बेहद विषैला सांप माना जाता है। इसका जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है और काटने पर गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। हालांकि, समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से जान बचाई जा सकती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, किंग कोबरा आमतौर पर इंसानों से दूर रहने की कोशिश करता है, लेकिन खतरा महसूस होने पर हमला कर सकता है। ऐसे में सांप दिखाई देने पर खुद पकड़ने के बजाय प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को बुलाना सुरक्षित होता है।

और पढ़ें: दिल्ली में सुरक्षा अभियान तेज, चिराग दिल्ली के असुरक्षित पीजी से छात्रों को कराया गया सुरक्षित बाहर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share