अहमदाबाद की नीरमा यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर ने छात्र का कॉलर पकड़ा, ABVP का प्रदर्शन
अहमदाबाद की नीरमा यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर द्वारा छात्र का कॉलर पकड़ने का वीडियो वायरल हुआ। एबीवीपी ने प्रदर्शन कर कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग की, विश्वविद्यालय ने जांच समिति बनाई।
अहमदाबाद की नीरमा यूनिवर्सिटी में एक प्रोफेसर द्वारा छात्र का कॉलर पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया। घटना के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया और प्रशासन तथा कुलपति के खिलाफ नारे लगाए। विश्वविद्यालय ने मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की है।
यह घटना 18 से 20 सितंबर 2026 के बीच आयोजित वार्षिक तकनीकी और सांस्कृतिक महोत्सव ‘टेक्नोफोरा ’26’ के दौरान हुई। कार्यक्रम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी विभाग की ओर से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में कॉमेडियन रजत सूद का स्टैंड-अप शो चल रहा था। इसी दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख डॉ. हिमांशु के. पटेल मंच पर संबोधित कर रहे थे।
बताया गया कि दर्शकों के बीच बैठे एक छात्र ने फिल्म ‘गोलमाल 3’ का लोकप्रिय संवाद, “जल्दी बोल, कल सुबह पनवेल निकलना है”, बोल दिया। इसके बाद प्रोफेसर ने छात्र को मंच पर बुलाया। वायरल वीडियो में प्रोफेसर को छात्र का कॉलर पकड़ते हुए देखा जा सकता है।
और पढ़ें: मलाला यूसुफजई की किताब पढ़ रहे लोगों पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने किया हमला
वीडियो में प्रोफेसर द्वारा विश्वविद्यालय के शिक्षकों के कथित अपमान को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए बयान देने की बात भी सामने आई है। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि किसी शिक्षक का अपमान होने पर वह किसी भी हद तक जा सकते हैं। वीडियो में छात्र से परिसर से हमेशा के लिए चले जाने की बात कहे जाने का भी दावा किया गया है।
वीडियो वायरल होने के बाद एबीवीपी कार्यकर्ता विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और कुलपति के खिलाफ नारे लगाए तथा ‘वीसी हाय-हाय’ के नारे भी लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने रामधुन भी गाई।
एबीवीपी ने प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई और छात्र से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि छात्र को मंच पर अपमानित और धमकाया गया।
विवाद बढ़ने के बाद नीरमा यूनिवर्सिटी प्रशासन ने घटना की जांच के लिए एक जांच समिति गठित की है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें: भूपेंद्र यादव ने वन प्रबंधन क्षमता बढ़ाने वाली जापान समर्थित परियोजना शुरू की