×
 

रामगढ़ की स्पंज आयरन फैक्ट्री में जोरदार धमाका, आग में झुलसकर तीन इंजीनियरों की मौत

झारखंड के रामगढ़ में स्पंज आयरन फैक्ट्री के पावर प्लांट में धमाके के बाद लगी आग में तीन इंजीनियरों की मौत हो गई। एक मजदूर गंभीर रूप से घायल है।

झारखंड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार देर रात एक स्पंज आयरन फैक्ट्री में हुए जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में काम कर रहे तीन इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा पतरातू प्रखंड के बरकाकाना ओपी क्षेत्र के हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एवं इस्पात प्राइवेट लिमिटेड में हुआ। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के पावर प्लांट में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के तुरंत बाद प्लांट में आग फैल गई और वहां मौजूद कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए।

आग इतनी तेजी से फैली कि वहां मौजूद तीन इंजीनियर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन तीनों की मौत हो गई। हादसे में एक मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

और पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, जेपीएससी परीक्षाओं को रद्द करने के आदेश पर लगी रोक

तीन इंजीनियरों की हुई मौत

पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अनुसार, मृतकों की पहचान रांची निवासी 50 वर्षीय संजीव कुमार केसरी, बोकारो निवासी 25 वर्षीय विनीत महतो और गढ़वा निवासी 24 वर्षीय अभिषेक पांडेय के रूप में हुई है। संजीव कुमार केसरी फैक्ट्री में शिफ्ट इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे।

हादसे में घायल मजदूर की पहचान तरुण रजवार के रूप में हुई है। वह हजारीबाग का रहने वाला है। गंभीर रूप से झुलसे तरुण को इलाज के लिए रांची रोड स्थित हॉप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

धमाके के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू की। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पावर प्लांट में धमाका किस वजह से हुआ।

प्रशासन हादसे के तकनीकी कारणों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही धमाके और आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

और पढ़ें: झारखंड में छात्रों का आंदोलन दो महीने के लिए स्थगित, हेमंत सोरेन सरकार ने मानी मांगें

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share