बिहार की राजधानी पटना में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया। राजेंद्र नगर स्थित रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते भवन के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना 12 जुलाई 2026 की सुबह हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब छह घंटे तक चले लगातार अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि, इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही समय बाद आग की लपटें तेज हो गईं। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, आसपास के थानों की टीम और फायर ब्रिगेड के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
और पढ़ें: बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा का बड़ा दांव, अंतिम समय में नीरज कुमार सिन्हा बने उम्मीदवार
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग के तीनों डिवीजन से अतिरिक्त वाहनों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक कड़ी मेहनत कर आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोका। राहत अभियान के दौरान सुरक्षा के लिहाज से इलाके को घेर दिया गया और लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने आग से हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
फायर ब्रिगेड अधिकारी गया सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह करीब 4 बजे मिली थी। इसके बाद तुरंत 15 से ज्यादा दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि संयुक्त प्रयास से आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
राजेंद्र नगर जीआरपी प्रभारी दीप नारायण यादव ने बताया कि रेलवे यार्ड के पास पावर ग्रिड में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि घटना में रेलवे के केवल और एक ट्रांसफार्मर को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
और पढ़ें: अमृता कुमारी हत्याकांड: बीडीओ की कथित प्रेमिका महिला दरोगा गिरफ्तार, अवैध संबंधों के आरोपों की जांच तेज