पुणे में सड़क के गड्ढे ने ली 11 साल के बच्चे की जान
महाराष्ट्र के पुणे में खराब सड़क और गड्ढे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बालेवाड़ी-म्हालुंगे इलाके में सोमवार शाम करीब सात बजे हुए हादसे में 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
जानकारी के अनुसार, एक पिता अपने बेटे और बेटी को बाइक पर बैठाकर जा रहा था। ग्रीन कोट सोसाइटी के सामने सड़क पर बने गड्ढे से बाइक टकरा गई। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पिता समेत दोनों बच्चे सड़क पर गिर गए।
और पढ़ें: तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार टैंकर ने ऑटो को मारी टक्कर; 5 महिलाओं समेत 6 की मौत
इसी दौरान पीछे से आ रहा एक आइशर ट्रक वहां पहुंचा। सड़क पर गिरे 11 वर्षीय बच्चे को ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति और गड्ढों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि इलाके की सड़क लंबे समय से जर्जर है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इन कारणों से दोपहिया वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बना रहता है।
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और ट्रक चालक की भूमिका सहित अन्य परिस्थितियों को भी देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत और गड्ढों को भरने की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। 11 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद परिवार में मातम है और इलाके के लोगों में भी गहरा आक्रोश है।
और पढ़ें: 2028 से नई गाड़ियों में होगी वी2वी तकनीक, दुर्घटना से पहले मिलेगा खतरे का अलर्ट