भारत और जिम्बाब्वे के बीच जारी तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के दूसरे मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल और विदेशी परिस्थितियों में खेलने के अंतर पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को आईपीएल में जितना अनुभव मिलता है, विदेशी दौरों पर परिस्थितियां उससे बिल्कुल अलग होती हैं और वहां सफलता हासिल करना आसान नहीं होता।
भारत ने श्रृंखला के पहले टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को हराकर 1-0 की बढ़त बना ली थी। अब हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाने वाले दूसरे मैच में टीम इंडिया की नजर श्रृंखला अपने नाम करने पर होगी। यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि भारत इससे पहले इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ लगातार टी20 श्रृंखलाएं हार चुका था। साथ ही, कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में यह टीम की पहली जीत भी रही।
रविचंद्रन अश्विन ने कहा, "जब आप भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं तो हारने पर आलोचना होना स्वाभाविक है और जीतने पर लोग उसे अपेक्षित मान लेते हैं। आईपीएल खेलने वाले खिलाड़ियों और जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों के अनुभव में बड़ा अंतर है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि जिम्बाब्वे को हराना आसान है। वहां की परिस्थितियां अलग हैं और शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। अगर भारत पहले बल्लेबाजी करता तो जिम्बाब्वे के गेंदबाज उसे कड़ी चुनौती दे सकते थे।"
और पढ़ें: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को अरविंद केजरीवाल ने बताया लोकतंत्र की जीत, नीट व्यवस्था में बड़े सुधार की मांग
अश्विन ने पहले टी20 में शानदार अर्धशतक लगाने वाले 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की भी जमकर तारीफ की। 126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यवंशी ने केवल 19 गेंदों में 50 रन बनाए और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा, "वैभव सूर्यवंशी ने इसी मैदान पर अंडर-19 विश्व कप फाइनल में अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई थी। वह यहां पूरे आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे। हाल ही में इस मैदान पर रन बनाने का अनुभव उनके आत्मविश्वास में साफ दिखाई दिया। उनका कवर ड्राइव बताता है कि किसी खिलाड़ी को जब किसी मैदान पर भरोसा मिल जाता है तो उसका प्रदर्शन भी निखरकर सामने आता है।"
और पढ़ें: अभिनेत्री अपरा मेहता ने वैवाहिक अलगाव पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं- दर्शन जरीवाला ने कहा था, ‘अब तुमसे प्यार नहीं रहा’