ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में बुधवार देर रात एक सीएनसी लकड़ी काटने की दुकान में भीषण आग लग गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से झुलस गया। घटना बिसरख थाना क्षेत्र की है।
उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुकान के अंदर दो लोग फंसे हुए थे। दमकलकर्मियों ने दोनों को बाहर निकाला। उनकी पहचान अल्तमास और अमन के रूप में हुई।
दोनों को बेहोशी की हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, इलाज के दौरान अल्तमास ने दम तोड़ दिया। वहीं, अमन की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया।
और पढ़ें: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा एम्स दिल्ली में भर्ती, असहज महसूस होने के बाद अस्पताल पहुंचे
दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नोएडा में जीएसटी अधिकारी बनकर 29 लाख की ठगी
इसी बीच, नोएडा में एक अलग मामले में पुलिस ने जीएसटी अधिकारी बनकर एक जीएसटी सलाहकार से कथित तौर पर 29 लाख रुपये ऐंठने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
मध्य नोएडा के पुलिस उपायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बिसरख पुलिस ने पीड़ित से कथित तौर पर वसूली गई पूरी रकम बरामद कर ली है। इसमें 24.50 लाख रुपये नकद और करीब 4.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 20 जुलाई को हुई थी। जीएसटी सलाहकार अपने पालतू कुत्ते और लैपटॉप के साथ कार से जा रहा था। एस एस्पायर सोसाइटी के पास आरोपियों ने अपनी कार से रास्ता रोककर और खुद को जीएसटी अधिकारी बताया। इसके बाद उसे दूसरी गाड़ी में बैठाकर जीएसटी मामले में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी गई।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित के भाई ने बाद में 29 लाख रुपये दिए, जिसके बाद आरोपियों ने उसे छोड़ दिया।
जांच में कथित मास्टरमाइंड कशिश चौहान उर्फ ईशू का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार, वह पीड़ित को 2021 से जानता था और उसके जीएसटी संबंधी काम से परिचित था। इसी जानकारी के आधार पर वारदात की योजना बनाए जाने का संदेह है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
और पढ़ें: सावरकर टिप्पणी मामले में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत, यूपी की मंजूरी न होने पर मानहानि शिकायत रद्द