जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा सुरनकोट के शेलधार इलाके में उस समय हुआ, जब एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए गहरी खाई में जा गिरा। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों में एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुंछ के उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं।
पुंछ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. परवेज खान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से मिली थी। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा, अतिरिक्त एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन संसाधनों को घटनास्थल पर भेजा गया।
और पढ़ें: पुलवामा के जंगल में सुरक्षाबलों ने दो संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को पकड़ा, पिस्तौल और ग्रेनेड बरामद
20 से 25 वर्ष के बीच थी मृतकों की उम्र
डॉ. खान के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों के शव जिला अस्पताल लाए गए। मृतकों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। उनकी उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जताया दुख
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सुरनकोट हादसे में हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को घायलों को हरसंभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि वह संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और हादसे से प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
और पढ़ें: कश्मीर पर सर्जियो गोर के बयान से पाकिस्तान नाराज, अमेरिकी राजनयिक को किया तलब