छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में देवपहरी वाटरफॉल के पास भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। तेज बहाव के बीच नदी के बीच बने एक टापू पर फंसे तीन युवकों को करीब 15 घंटे बाद मंगलवार सुबह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक सोमवार शाम पिकनिक मनाने के लिए देवपहरी वाटरफॉल पहुंचे थे। इसी दौरान इलाके में तेज बारिश शुरू हो गई। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा और पानी का बहाव भी काफी तेज हो गया। देखते ही देखते तीनों युवक नदी के बीच स्थित टापू पर फंस गए।
अचानक बढ़े पानी के कारण उनके लिए वापस किनारे पर आना मुश्किल हो गया। रात होने और नदी में तेज बहाव के चलते तत्काल बचाव अभियान शुरू नहीं किया जा सका। तीनों युवकों को पूरी रात टापू पर ही गुजारनी पड़ी। करीब 15 घंटे तक फंसे रहने के कारण वे भूख-प्यास से परेशान हो गए थे।
और पढ़ें: छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संवाद 2026 में की चर्चा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। नदी का बहाव कुछ कम होने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रस्सी के सहारे तीनों युवकों को टापू से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के बाद तीनों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि किसी युवक के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान नदी, झरने और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि बारिश के मौसम में जलस्तर अचानक बढ़ सकता है और शांत दिखाई देने वाले जलस्रोत भी बेहद खतरनाक हो सकते हैं।
छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते नदियां, नाले और तालाब उफान पर हैं। प्रशासन ने पर्यटकों से मौसम और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
और पढ़ें: रायपुर में करंट का कहर, मां की मौत; बचाने पहुंचे बेटे ने भी गंवाई जान