अमेरिका के वॉशिंगटन स्टेट में स्थित एक पेपर मिल में हुए भीषण औद्योगिक हादसे में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। यह दुर्घटना एक केमिकल टैंक के अचानक फटने (इम्प्लोजन) के कारण हुई।
यह हादसा लॉन्गव्यू शहर में स्थित निप्पॉन डायनावेव पैकेजिंग कंपनी के प्लांट में हुआ। स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग के अनुसार, घटना के तुरंत बाद बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया गया था, जो देर रात तक जारी रहा।
लॉन्गव्यू फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि हादसे के बाद कई कर्मचारी प्रभावित क्षेत्र में फंस गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, एक व्यक्ति के शव की पुष्टि हुई है, जबकि नौ अन्य कर्मचारियों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
और पढ़ें: बंगाल सरकार की अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों पर सख्ती, सीमा की ओर लौट रहे बड़े समूह
घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, केमिकल स्टोरेज टैंक में अचानक दबाव बनने के बाद विस्फोट जैसी स्थिति उत्पन्न हुई, जिससे टैंक अंदर की ओर धंस गया और आसपास का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
निप्पॉन डायनावेव पैकेजिंग कंपनी में लगभग 1,000 कर्मचारी काम करते हैं। यह फैक्ट्री टिश्यू पेपर, प्रिंटिंग पेपर, कप, प्लेट, कार्टन और अन्य पैकेजिंग सामग्री बनाने का काम करती है। हादसे के बाद पूरे प्लांट को खाली करा लिया गया और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
स्थानीय प्रशासन ने कहा कि बचाव दल लगातार मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों ने यह भी कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रित होने तक फैक्ट्री परिसर को सील रखा जाएगा।
इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों और केमिकल स्टोरेज प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
और पढ़ें: भारत के पहले एशियन गेम्स स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज रणधीर सिंह का 79 वर्ष की उम्र में निधन