पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। इसके साथ ही वह पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया। पिछले 15 वर्षों से राज्य की सत्ता पर काबिज तृणमूल कांग्रेस की हार को बंगाल की राजनीति में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन माना जा रहा है।
कोलकाता में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुवेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा की। बैठक में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और नव निर्वाचित विधायक मौजूद रहे।
और पढ़ें: अमित शाह द्वारा सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री घोषित किए जाने पर देवेंद्र फडणवीस ने दी बधाई, बताया भावुक क्षण
सुवेंदु अधिकारी कभी ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी माने जाते थे। उन्होंने 2021 विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। इसके बाद से वह बंगाल में भाजपा के सबसे प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए।
2026 के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत हासिल की। भवानीपुर सीट पर उन्होंने ममता बनर्जी को हराकर राजनीतिक रूप से बड़ा संदेश दिया।
भाजपा नेताओं ने इस जीत को “नए बंगाल” की शुरुआत बताया है। पार्टी का कहना है कि नई सरकार राज्य में विकास, उद्योग, रोजगार और बेहतर कानून व्यवस्था पर विशेष ध्यान देगी।
सुवेंदु अधिकारी का शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह चुनाव परिणाम पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत का संकेत है।
और पढ़ें: नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी का रोड शो, बंगाल में 177 सीट जीतने का दावा