लोकप्रिय ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर प्रसारित होने वाली चर्चित वेब सीरीज ‘एस्पिरेंट्स’ अपने तीसरे सीजन के साथ वापसी करने जा रही है। मेकर्स ने हाल ही में इसका ट्रेलर जारी किया है, जिसमें कहानी के नए मोड़ और कुछ नए किरदारों की झलक देखने को मिली है।
द वायरल फीवर (टीवीएफ) की इस सीरीज ने पहले ही अपने दमदार कंटेंट और यथार्थवादी कहानी के कारण दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं की जिंदगी, संघर्ष और दोस्ती पर आधारित इस सीरीज को आईएमडीबी पर 9.1 की शानदार रेटिंग मिली है, जो इसे बेहद लोकप्रिय बनाती है।
सीरीज की कहानी मुख्य रूप से अभिलाष, एसके, गुरी और धैर्य जैसे दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। उनकी दोस्ती, सपने और यूपीएससी की कठिन तैयारी की कहानी ने युवाओं के दिलों को छू लिया था। अब तीसरे सीजन में कहानी आगे बढ़ती नजर आएगी, जहां एक आईएएस अधिकारी के रूप में अभिलाष की नई चुनौतियां दिखाई देंगी।
ट्रेलर में दिखाया गया है कि इस बार सत्ता, सिस्टम और पुरानी दोस्ती के बीच टकराव देखने को मिलेगा। मेकर्स ने ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा, “पोस्टिंग सिस्टम से मिलती है, लेकिन रिश्तों के नतीजे समय तय करता है।” इस बार कहानी में संदीप भैया और डीएम अभिलाष के बीच सीधा टकराव भी देखने को मिलेगा। साथ ही कुछ नए किरदार भी सीरीज में शामिल किए गए हैं।
इस सीजन का निर्देशन दीपेश सुमित्रा जगदीश ने किया है। तीसरे सीजन में नवीन कस्तूरिया, शिवांकित सिंह परिहार, अभिलाष थपलियाल, सनी हिंदुजा, नमिता दुबे और तेंगाम सेलिन अपने पुराने किरदारों में नजर आएंगे। वहीं जतिन गोस्वामी इस बार नए सदस्य के रूप में टीम में शामिल हुए हैं।
‘एस्पिरेंट्स सीजन 3’ का प्रीमियर 13 मार्च को प्राइम वीडियो पर किया जाएगा। गौरतलब है कि पहला सीजन अप्रैल 2021 में रिलीज हुआ था, जबकि दूसरा सीजन अक्टूबर 2023 में आया था। पहले दो सीजन को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी, ऐसे में अब सभी की नजरें तीसरे सीजन की सफलता पर टिकी हैं।