सनी देओल अभिनीत फिल्म ‘बटवारा 1947’ स्वतंत्रता दिवस सप्ताहांत के मौके पर 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की रिलीज से पहले ही इसे लेकर शुरुआती प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। निर्माता रमेश तौरानी ने फिल्म देखने के बाद इसकी जमकर तारीफ की और सनी देओल के अभिनय को शानदार बताया।
रमेश तौरानी ने फिल्म को बेहद संवेदनशील, भावुक और इंसानियत को उजागर करने वाली कहानी बताया। उन्होंने कहा कि यह फिल्म दर्शकों को पहले दिन, पहले शो में देखनी चाहिए। उनके मुताबिक, फिल्म इतिहास के कठिन दौर में मानवीय जज्बे की मजबूती और करुणा के महत्व को याद दिलाती है।
उन्होंने मुख्य कलाकारों के अभिनय की भी प्रशंसा की। रमेश तौरानी ने सनी देओल के प्रदर्शन को बेहद प्रभावशाली बताया। इसके अलावा प्रिटी जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल की भूमिकाओं को भी उन्होंने सराहा। अभिनेता अभिमन्यु सिंह को उन्होंने खलनायक के रूप में शानदार बताया और कहा कि उनका किरदार प्रभावशाली होने के साथ-साथ असहज करने वाला भी है।
और पढ़ें: शाहरुख खान को सुप्रीम कोर्ट से राहत, मन्नत के नवीनीकरण के खिलाफ याचिका खारिज
‘अवारापन 2’ से होगा मुकाबला
‘बटवारा 1947’ का बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला इमरान हाशमी की फिल्म ‘अवारापन 2’ से होगा। दोनों फिल्में 14 अगस्त को रिलीज हो रही हैं। ट्रेड विश्लेषक अक्षय राठी का मानना है कि शुरुआती कमाई के मामले में ‘अवारापन 2’ को बढ़त मिल सकती है।
राठी के मुताबिक, ‘अवारापन’ की पिछली फिल्म ने करीब 19 वर्षों में एक खास प्रशंसक वर्ग तैयार किया है, जिसका फायदा इसके सीक्वल को मिल सकता है। वहीं, सनी देओल और निर्देशक राजकुमार संतोषी की जोड़ी को भी उन्होंने मजबूत माना।
उन्होंने ‘अवारापन 2’ में आमिर खान की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। अब दोनों फिल्मों की टक्कर में बॉक्स ऑफिस पर कौन बाजी मारता है, यह 14 अगस्त के बाद साफ होगा।
और पढ़ें: मोहनलाल की फिल्म अथिमनोहरम को सबरीमाला में शूटिंग की अनुमति, इन शर्तों का करना होगा पालन