लोकप्रिय अपराध सीरीज ‘मिर्जापुर’ पर आधारित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने सिनेमाघरों में शानदार शुरुआत की है। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारत में करीब 24.75 करोड़ रुपये की नेट कमाई की है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और रवि किशन समेत फ्रेंचाइजी के कई चर्चित कलाकार नजर आ रहे हैं।
फिल्म 4 सितंबर को हिंदी और तेलुगु डब संस्करण में सिनेमाघरों में रिलीज हुई। पहले दिन के प्रदर्शन के साथ ही यह 2026 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों की शुरुआती सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के हिंदी संस्करण ने करीब 24.60 करोड़ रुपये की नेट कमाई की, जबकि तेलुगु संस्करण से लगभग 15 लाख रुपये प्राप्त हुए। भारत में फिल्म का अनुमानित सकल कारोबार करीब 29.70 करोड़ रुपये रहा।
और पढ़ें: योगी आदित्यनाथ 6 सितंबर को देख सकते हैं हनुमान अंश, जानें नीम करोली बाबा की बायोपिक की पूरी कहानी
शुक्रवार को फिल्म के कुल 11,135 शो आयोजित किए गए। सिनेमाघरों में इसकी औसत ऑक्यूपेंसी 42.81 प्रतिशत रही। दिन बढ़ने के साथ दर्शकों की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिला। सुबह के शो में करीब 25.85 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही, जो दोपहर में बढ़कर 41.15 प्रतिशत और शाम में 41.85 प्रतिशत हो गई। रात के शो में फिल्म को सबसे बेहतर प्रतिक्रिया मिली और ऑक्यूपेंसी करीब 62.38 प्रतिशत तक पहुंच गई।
पहले दिन की कमाई के आधार पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 2026 की सबसे बड़ी हिंदी ओपनिंग फिल्मों में चौथे स्थान पर है। इससे आगे ‘धुरंधर: द रिवेंज’, ‘टॉक्सिक’ और ‘बॉर्डर 2’ हैं। ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने 99 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया है, जबकि ‘टॉक्सिक’ ने 55 करोड़ रुपये और ‘बॉर्डर 2’ ने करीब 30 करोड़ रुपये की शुरुआत की थी।
फिल्म ने इमरान हाशमी की ‘अवारापन 2’ को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसने पिछले महीने पहले दिन 22 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी।
और पढ़ें: गुजराती संगीत के दिग्गज गौरांग व्यास का 86 वर्ष की उम्र में निधन, पीएम मोदी ने योगदान को किया याद