दक्षिण भारतीय अभिनेता जूनियर एनटीआर अपने प्यारे पालतू कुत्ते बघीरा के निधन से बेहद दुखी हैं। अभिनेता ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए बघीरा के साथ बिताए चार वर्षों और उनके खास रिश्ते को याद किया।
जूनियर एनटीआर ने अपने बर्नीज माउंटेन डॉग बघीरा की कई तस्वीरें भी साझा कीं। कुछ तस्वीरों में वह अपने पालतू कुत्ते को दुलारते नजर आए। आखिरी तस्वीर में बघीरा की याद में लगाया गया एक पेड़ दिखाई दिया।
जूनियर एनटीआर ने बताया कि बघीरा उनके जीवन में एक पालतू जानवर के रूप में आया था, लेकिन धीरे-धीरे परिवार का हिस्सा बन गया। उसने उनके जीवन में प्यार, खुशी, शरारत और ऐसा सुकून भरा, जो उन्हें केवल बघीरा से मिलता था।
उन्होंने कहा कि बघीरा उनके जीवन में साथी बनकर आया और चुपचाप परिवार का हिस्सा बन गया। उसकी गैरमौजूदगी से पैदा हुआ खालीपन बहुत बड़ा महसूस हो रहा है, लेकिन उसके पीछे छोड़ा प्यार भी उतना ही गहरा है।
जूनियर एनटीआर ने बघीरा के साथ बिताए चार वर्षों के लिए उसका शुक्रिया अदा किया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि वह उनके साथ चलता रहा और इन चार वर्षों को बेहद खूबसूरत बना दिया। उन्होंने अपने छोटे साथी को आजाद होकर दौड़ने की भावुक विदाई दी और कहा कि वह हमेशा प्यार किया जाता रहेगा।
जूनियर एनटीआर की पोस्ट पर प्रशंसकों और फिल्म जगत की कई हस्तियों ने शोक जताया। श्रुति हासन ने टूटे दिल वाली इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी, जबकि अभिनेता हर्षा ने बघीरा के लिए श्रद्धांजलि संदेश लिखा। सामंथा रुथ प्रभु, वरुण धवन, शोभिता धुलिपाला और हुमा कुरैशी ने भी पोस्ट को लाइक कर अपना समर्थन जताया।
काम की बात करें तो जूनियर एनटीआर हाल ही में अयान मुखर्जी की फिल्म ‘वॉर 2’ में ऋतिक रोशन और कियारा आडवाणी के साथ नजर आए थे। अब वह प्रशांत नील की फिल्म ‘ड्रैगन’ में दिखाई देंगे। यह फिल्म 11 जून 2027 को रिलीज होने वाली है। फिल्म में अनिल कपूर, बिजू मेनन, रुक्मिणी वसंत, खुशबू सुंदर, गुरु सोमसुंदरम, राजीव कनकला, आशुतोष राणा, अंशुमान पुष्कर और सिद्धांत गुप्ता भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। ‘ड्रैगन’ का निर्माण माइथ्री मूवी मेकर्स और एनटीआर आर्ट्स के बैनर तले किया जा रहा है।