टीवी अभिनेत्री अदिति शर्मा, जो 'अपोलिना: सपनों की ऊंची उड़ान', 'रब से है दुआ' और 'कलीरें' जैसे धारावाहिकों में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं, ने अपने पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक और उनके परिवार के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया है। उनकी शिकायत के आधार पर मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
31 जुलाई को दर्ज एफआईआर में अदिति ने अपने पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, सास उर्मिला कौशिक और ननद कीर्ति कौशिक को नामजद किया है। शिकायत में उन्होंने शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, मारपीट, गाली-गलौज, चरित्र पर संदेह करने और शादी के समय मिले आभूषण लौटाने से इनकार करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
अदिति ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी मुलाकात जून 2021 में एक ऑनलाइन एक्टिंग क्लास के दौरान अभिनीत से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। सितंबर 2024 से दोनों गोरेगांव पश्चिम स्थित एक फ्लैट में साथ रहने लगे और 12 नवंबर 2024 को दोनों परिवारों की सहमति से विवाह किया।
और पढ़ें: राज ठाकरे ने विवेक ओबेरॉय और आर. माधवन के दुबई में बसने पर उठाए सवाल, राजनीतिक ट्रोलिंग पर भी जताई चिंता
अभिनेत्री का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही उनके पति का व्यवहार बदल गया। कपड़ों की पसंद और छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होने लगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि घरेलू खर्च उठाने के बजाय उनके पति उनसे पैसे मांगते थे।
शिकायत में 1 जनवरी 2025 की एक घटना का भी जिक्र है, जब कॉफी को लेकर शुरू हुआ विवाद कथित तौर पर गाली-गलौज तक पहुंच गया। अदिति का आरोप है कि इसके बाद उनके पति ने उनके चरित्र पर सवाल उठाने शुरू कर दिए, मोबाइल फोन की लगातार जांच की, अलग कमरे में सोने लगे और उन्हें अपने माता-पिता से बात करने से भी रोका।
अदिति ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी शादी के सोने के हार, अंगूठियां, हीरे की अंगूठी, मंगलसूत्र और चूड़ियों सहित सभी आभूषण उनकी सास के पास हैं, जिन्हें कई बार मांगने के बावजूद वापस नहीं किया गया। फिलहाल गोरेगांव पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक अभिनीत विद्यानंद कौशिक या उनके परिवार की ओर से इन आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
और पढ़ें: कावेरी जल विवाद के बीच कर्नाटक में रुकी विजय की फिल्म जन नायकन की स्क्रीनिंग