रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के प्रीमियर से पहले दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। शो के निर्माताओं ने एक और नया प्रोमो जारी किया है, जिसमें होस्ट सलमान खान घर में आने वाले प्रतियोगियों के लिए एक खास "वरदान" का संकेत देते नजर आ रहे हैं। शो का यह नया टीजर सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया है।
प्रोमो की शुरुआत में सलमान खान स्टेज के बीचोंबीच खड़े दिखाई देते हैं, जहां दर्शक उनका जोरदार स्वागत करते हैं। वह काले रंग की स्लीवलेस जैकेट और मैचिंग ट्राउजर में नजर आते हैं। इसके बाद वह कहते हैं, "इस बार बिग बॉस में सभी घरवालों को मिलेगा एक वरदान... तथास्तु मेरी जान।" इस संवाद ने दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ा दी है कि आखिर इस बार प्रतियोगियों को कौन-सा विशेष लाभ मिलने वाला है।
निर्माताओं ने प्रोमो के साथ कैप्शन में लिखा है, "क्या है यह वरदान? अंदाजा लगाइए।" साथ ही यह भी बताया गया है कि 'बिग बॉस 20' का प्रसारण 6 सितंबर से कलर्स टीवी और जियोहॉटस्टार पर शुरू होगा।
और पढ़ें: 'हम सब दिवालिया हो गए थे', सुष्मिता मुखर्जी ने आर्थिक संकट और सी-ग्रेड फिल्मों में काम करने की बताई वजह
इससे पहले जारी पहले प्रोमो में सलमान खान घोड़े पर सवार होकर शानदार अंदाज में एंट्री करते नजर आए थे। उन्होंने अपनी सुपरहिट फिल्म 'करण अर्जुन' का जिक्र करते हुए कहा था, "जो करण अर्जुन में हुआ था, वह अब बिग बॉस में होगा... तथास्तु!" इस संवाद ने भी दर्शकों के बीच शो को लेकर काफी उत्सुकता पैदा की थी।
सलमान खान ने एक बयान में कहा कि हर सीजन नए खेल, नए समीकरण और अप्रत्याशित मोड़ लेकर आता है, लेकिन इस बार शो के केंद्र में एक ऐसा रहस्य है, जो इसे पहले के सभी सीजन से अलग बनाता है। उन्होंने कहा कि दर्शकों को टीजर में कई संकेत मिलेंगे, जिन्हें शो शुरू होने के बाद जोड़ना दिलचस्प होगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार बिग बॉस 20 के घर का सेट पूरी तरह नए अंदाज में तैयार किया गया है। अनुभवी सेट डिजाइनर ओमंग कुमार और वनिता गरुड़ कुमार की जगह इस बार कंचन और रुपाली को जिम्मेदारी दी गई है, जिन्होंने इससे पहले 'द 50' शो के लिए भी सेट डिजाइन किया था।
वहीं, संभावित प्रतियोगियों की सूची में माही विज, जन्नत जुबैर, निया शर्मा, मिस्टर फैजू, पर्ल वी पुरी और शोविक चक्रवर्ती जैसे चर्चित नाम शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा अरबाज़ पटेल, भागीरथ भट्ट, भाव्या सिंह, रुरु ठाकुर और तुषार करवार से भी शो के लिए संपर्क किए जाने की खबर है। हालांकि, निर्माताओं की ओर से प्रतियोगियों की आधिकारिक सूची अभी जारी नहीं की गई है।
और पढ़ें: बिग बॉस 20 के नए प्रोमो में दिखा सीजन की थीम का संकेत, सलमान खान ने कहा तथास्तु