बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को मंगलवार, 14 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली। शीर्ष अदालत ने मुंबई स्थित उनके प्रसिद्ध बंगले ‘मन्नत’ के नवीनीकरण को मिली मंजूरी के खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया। अदालत ने कहा कि याचिका में कोई ठोस आधार नहीं है और इसे आगे बढ़ाने का कोई कारण नहीं दिखता।
‘मन्नत’ मुंबई के सबसे चर्चित स्थलों में से एक है, जहां शाहरुख खान अपनी पत्नी गौरी खान और परिवार के साथ रहते हैं। यह बंगला देश-विदेश से आने वाले प्रशंसकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहता है।
क्या थी याचिका?
मुंबई निवासी एक व्यक्ति ने शाहरुख खान के बांद्रा स्थित समुद्र किनारे बने बंगले के नवीनीकरण के लिए दी गई मंजूरी को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ता ने निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठाए थे।
और पढ़ें: आमिर खान–गौरी स्प्रैट की शादी में बच्चों ने तय किया मेन्यू, 5 जुलाई को मुंबई में होगा रजिस्ट्रेशन विवाह
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने याचिका दाखिल करने वाले व्यक्ति की मंशा पर भी सवाल उठाए। अदालत ने कहा कि पहली नजर में याचिका दायर करने का उद्देश्य संदिग्ध नजर आता है।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले में कोई मेरिट नहीं पाते हुए याचिका को खारिज कर दिया। अदालत ने नवीनीकरण कार्य पर कोई रोक नहीं लगाई, जिससे ‘मन्नत’ में चल रहा निर्माण कार्य जारी रह सकेगा।
शाहरुख खान परिवार के साथ अस्थायी रूप से हुए बाहर
नवीनीकरण कार्य के चलते शाहरुख खान, उनकी पत्नी गौरी खान और बच्चे आर्यन, सुहाना और अबराम अस्थायी रूप से मुंबई के पाली हिल इलाके में स्थित एक आलीशान अपार्टमेंट में रहने चले गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेता ने फिल्म निर्माता वाशु भगनानी से इस इमारत की चार मंजिलें किराये पर ली हैं।
‘मन्नत’ क्यों है खास?
बांद्रा वेस्ट के बैंडस्टैंड इलाके में स्थित ‘मन्नत’ मुंबई की सबसे पहचान वाली इमारतों में शामिल है। यह ग्रेड-3 हेरिटेज प्रॉपर्टी है, जिसे वर्ष 1914 में बनाया गया था और पहले इसे ‘विला विएना’ के नाम से जाना जाता था।
शाहरुख खान ने वर्ष 2001 में इस बंगले को खरीदा और इसका नाम ‘मन्नत’ रखा, जिसका अर्थ दिल से मांगी गई इच्छा या प्रार्थना होता है।
करीब 27 हजार वर्ग फुट में फैले इस बंगले की कीमत लगभग 200 करोड़ रुपये आंकी जाती है। इसके इंटीरियर को गौरी खान ने आर्किटेक्ट कैफ फकीह के साथ मिलकर डिजाइन किया है। इसमें लाइब्रेरी, जिम, स्विमिंग पूल, निजी थिएटर और कई आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
काम के मोर्चे पर शाहरुख खान जल्द ही फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे, जो 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है।
और पढ़ें: बंटवारा 1947 का टीजर रिलीज, विभाजन की त्रासदी के बीच सनी देओल का दमदार अंदाज