डेविस कप 2026 क्वालिफायर के दूसरे दौर में भारत और दक्षिण कोरिया के बीच मुकाबला सियोल के ओलंपिक टेनिस सेंटर में खेला जा रहा है। पहले मैच में भारत के दक्षिणेश्वर सुरेश और दक्षिण कोरिया के सूनवू क्वोन आमने-सामने हैं। सुरेश ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में की और पहला सेट अपने नाम किया, हालांकि दूसरे सेट में दक्षिण कोरिया ने पहला गेम जीतकर वापसी की कोशिश की।
भारत ने पहले दौर में नीदरलैंड्स को हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई थी। अब टीम की नजर दक्षिण कोरिया को हराकर डेविस कप फाइनल 8 में स्थान बनाने पर है। आज दोनों टीमों के बीच दो एकल मुकाबले खेले जाने हैं।
पहले मैच में दुनिया के 367वें नंबर के खिलाड़ी दक्षिणेश्वर सुरेश का सामना सूनवू क्वोन से हो रहा है। सुरेश ने मजबूत शुरुआत दिलाई है। वहीं, दूसरे मैच में भारत के सर्वोच्च रैंक वाले एकल खिलाड़ी सुमित नागल का मुकाबला दक्षिण कोरिया के ह्योन चुंग से होगा।
और पढ़ें: डेविस कप 2026 में भारत का पूरा शेड्यूल, दक्षिण कोरिया से होगा मुकाबला
भारत और दक्षिण कोरिया के बीच डेविस कप में अब तक 11 मुकाबले हुए हैं। दक्षिण कोरिया ने इनमें छह मैच जीते हैं, जबकि भारत ने पांच मुकाबलों में जीत दर्ज की है। हालांकि, दोनों टीमों के बीच पिछले दो मुकाबलों में भारत विजयी रहा है। ऐसे में भारतीय टीम इस रिकॉर्ड को बराबर करने के इरादे से कोर्ट पर उतरी है।
इस मुकाबले का विजेता डेविस कप फाइनल 8 में पहुंचेगा और नवंबर 2026 में बोलोन्या में होने वाले मुकाबलों में हिस्सा लेगा।
भारत ने डेविस कप के इतिहास में तीन बार फाइनल में जगह बनाई है। टीम 1966, 1974 और 1987 में खिताबी मुकाबले तक पहुंची थी। हालांकि, मौजूदा प्रारूप लागू होने के बाद से भारत फाइनल 8 में जगह नहीं बना सका है। डेविस कप 2026 में टीम के पास इस इंतजार को खत्म करने का मौका है।
और पढ़ें: दक्षिण कोरिया के खिलाफ डेविस कप मुकाबले से पहले दक्षिणेश्वर सुरेश ने जताया आत्मविश्वास