महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) ने ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के बाद पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी है। यह स्क्रीनिंग परीक्षा 22 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी। एमपीएससी के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यह फैसला मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया सामने आया कि एक अभ्यर्थी को परीक्षा से पहले प्रश्न मिलने का फायदा हुआ था।
परीक्षा को लेकर उम्मीदवारों और जनप्रतिनिधियों की ओर से शिकायतें मिलने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। आरोप था कि परीक्षा से दो दिन पहले, 20 मार्च को कुछ अभ्यर्थियों के पास प्रश्नपत्र या उसके प्रश्न पहुंच गए थे और उन्हें सोशल मीडिया या अन्य डिजिटल माध्यमों से साझा किया गया।
ऐसे सामने आया मामला
29 जुलाई 2025: एमपीएससी ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर (ग्रुप-बी) पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया।
और पढ़ें: ओडिशा मेडिकल पीजी परीक्षा में व्हाट्सएप पर प्रश्नपत्र साझा करने का आरोप, पेपर लीक मामले की जांच शुरू
22 मार्च 2026: महाराष्ट्र के छह संभागीय मुख्यालयों पर ऑफलाइन स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की गई।
12 जून: परीक्षा परिणाम घोषित किया गया और 506 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए पात्र घोषित किया गया।
1 से 22 जुलाई: पात्र उम्मीदवारों के साक्षात्कार आयोजित किए गए, जिनमें 488 अभ्यर्थी शामिल हुए।
21 जुलाई: एमपीएससी को परीक्षा में कथित अनियमितता और पेपर लीक की शिकायत मिली।
22 से 26 जुलाई: आयोग को उम्मीदवारों और जनप्रतिनिधियों की ओर से कई शिकायतें मिलीं। बाद में 488 उम्मीदवारों की अस्थायी सामान्य मेरिट सूची जारी की गई। इनमें 485 उम्मीदवार ड्रग इंस्पेक्टर पद के लिए पात्र और तीन अपात्र पाए गए।
27 जुलाई: शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए एमपीएससी ने मुंबई पुलिस से मामले की जांच का अनुरोध किया।
जुलाई के अंत में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने प्रारंभिक जांच की। रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया पाया गया कि एक उम्मीदवार को परीक्षा से पहले प्रश्नों का सेट मिला था और उसे इसका लाभ मिला।
अब दोबारा होगी परीक्षा
25 अगस्त को एमपीएससी ने ड्रग इंस्पेक्टर पद की पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द करने की घोषणा की। आयोग ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने तथा उम्मीदवारों का भरोसा कायम रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
अब ड्रग इंस्पेक्टर पदों के लिए दोबारा स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहले आवेदन कर चुके उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी और उनसे कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। नई परीक्षा की तारीख बाद में घोषित की जाएगी।
और पढ़ें: इंडिगो की लखनऊ-बेंगलुरु उड़ान में बम की धमकी, टिश्यू पेपर पर मिला नोट; विमान की जांच शुरू