भारत और जापान के बीच कान्टो के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे ऐतिहासिक एकमात्र टी20 मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। बारिश के कारण मुकाबला काफी देर से शुरू हुआ और इसे घटाकर सिर्फ पांच ओवर का कर दिया गया।
यह मुकाबला दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया है। भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ हालिया तीन मैचों की सीरीज में भी 15 वर्षीय वैभव को किसी मुकाबले में खेलने का मौका नहीं दिया था। जापान के खिलाफ भी टीम प्रबंधन ने अनुभवी सलामी जोड़ी संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पर भरोसा जताया।
अफगानिस्तान के खिलाफ दोनों बल्लेबाजों के प्रदर्शन को देखते हुए टीम ने एक बार फिर उन्हें पारी की शुरुआत की जिम्मेदारी दी। वैभव को बेंच पर बैठना पड़ा।
और पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने मोहम्मद सिराज के लगातार गेंदों पर जड़े चौके-छक्के, 44 रन की पारी ने लूटी महफिल
भारतीय टीम ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी आराम दिया है। बुमराह ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीनों मुकाबले खेले थे। पांच ओवर के छोटे मुकाबले और परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें आराम देने का फैसला किया गया। उनकी जगह अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर को टीम में शामिल किया गया। स्पिन विभाग में अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रवि बिश्नोई को मौका मिला।
भारत ने पहले बल्लेबाजी चुनी
भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि 75 साल की दोस्ती के मौके पर जापान में क्रिकेट को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है। उन्होंने जापान में क्रिकेट खेलने और दर्शकों के सामने टीम की अगली पीढ़ी के लिए माहौल बनाने को खास अवसर बताया।
भारत की प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, यश ठाकुर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह।
जापान की प्लेइंग इलेवन: लैचलन यामामोटो-लेक, रियो सकुरानो-थॉमस, केंडेल कडोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), बेंजामिन इटो-डेविस, वातरू मियाउची, अलेक्जेंडर शिराई-पैटमोर (विकेटकीपर), चार्ली हारा-हिंजे, इब्राहिम ताकाहाशी, डेक्लान सुजुकी-मैककॉम्ब, मकोतो तानियामा, शोमा सुगाया-स्लेटर।
और पढ़ें: दलीप ट्रॉफी फाइनल में केएल राहुल की एंट्री, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन भी खेलेंगे