साल 2022 के चर्चित श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला ने तिहाड़ जेल में अपनी जान को खतरा बताते हुए अदालत से सुरक्षा की मांग की है। आफताब का आरोप है कि जेल में बंद कुछ कैदी पिछले कई दिनों से उसे जान से मारने और हथियार से उसका चेहरा काटने की धमकी दे रहे हैं। उसकी याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली की साकेत जिला अदालत ने जेल प्रशासन को उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
श्रद्धा वालकर हत्याकांड ने वर्ष 2022 में पूरे देश को झकझोर दिया था। आरोप है कि आफताब ने अपनी प्रेमिका श्रद्धा की हत्या करने के बाद उसके शव के 35 टुकड़े कर दिए थे। इस मामले में आफताब आरोपी है और मुकदमा चल रहा है।
आफताब ने क्या आरोप लगाए?
मिली जानकारी के मुताबिक, आफताब ने अदालत को बताया कि तिहाड़ जेल में कुछ कैदी पिछले 10 दिनों से लगातार उसे धमका रहे हैं। आरोप है कि वे हथियार से उसका चेहरा काटने और उसे गंभीर नुकसान पहुंचाने की बात कह रहे हैं। आफताब ने कथित तौर पर धमकी देने वाले पांच कैदियों के नाम भी अदालत को बताए हैं।
और पढ़ें: म्यांमार प्रशिक्षण शिविर मामले में मैथ्यू आरोन वैनडाइक को राहत, 24 फरवरी तक विदेश में रह सकेंगे छह यूक्रेनी नागरिक
आफताब फिलहाल तिहाड़ जेल की नंबर 4A में बंद है। उसने बताया कि यह एक विशेष कोठरी है, जिसका इस्तेमाल सजा वाले वार्ड के रूप में किया जाता है।
अदालत ने जेल प्रशासन को क्या निर्देश दिए?
आफताब की शिकायत पर सुनवाई के बाद साकेत जिला अदालत ने संबंधित जेल अधीक्षक को उसकी सुरक्षा के लिए तत्काल जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आफताब को कुख्यात कैदियों से अलग किसी अन्य वार्ड या कोठरी में रखा जा सकता है।
अदालत ने जेल अधीक्षक से इस मामले में स्टेटस रिपोर्ट भी मांगी है। अब जेल प्रशासन को आफताब की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों और शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी अदालत को देनी होगी।
और पढ़ें: एआई की बढ़ती मांग के बीच चिप कंपनियों का 115 अरब डॉलर का विलय, मार्वेल खरीदेगी ल्यूमेंटम