कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मोबाइल छीनकर भागने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। मोबाइल स्नैचिंग की घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस और लोगों से बचकर भाग रहा एक 18 वर्षीय युवक दौड़ते-दौड़ते गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक पहले से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित था।
मृतक की पहचान जुनैद (18) के रूप में हुई है, जबकि उसके साथी अरबाज (23) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 15 जून को शाम करीब 5:30 बजे बेंगलुरु के व्यस्त कब्बनपेट इलाके में हुई।
पुलिस के मुताबिक, जुनैद और अरबाज स्कूटी पर सवार होकर इलाके में घूम रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक राहगीर का पीछा किया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। घटना के बाद दोनों आरोपी स्कूटी से तेजी से भागने लगे। पीड़ित व्यक्ति ने तुरंत शोर मचाया और मदद के लिए लोगों को बुलाया।
और पढ़ें: संयुक्त राष्ट्र बैठक में इजरायली राजदूत का तीखा हमला, बोले- अब आप चुप रहेंगे; यूएन अधिकारी से हुई तीखी बहस
इसी बीच वहां मौजूद एक सतर्क मजदूर ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की। उसने भागती हुई स्कूटी पर एक बोरी फेंक दी, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों आरोपी सड़क किनारे गिर पड़े। हादसे के बाद वे स्कूटी और छीना हुआ मोबाइल छोड़कर पैदल भागने लगे।
बताया जा रहा है कि करीब 250 मीटर तक दौड़ने के बाद जुनैद अचानक गिर पड़ा। स्थानीय लोगों और पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह दिल का मरीज था और अत्यधिक शारीरिक दबाव के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गिरफ्तार आरोपी अरबाज से पूछताछ की जा रही है।
और पढ़ें: शिवसेना के बाद क्या एनसीपी में भी टूट? अजित पवार गुट का दावा- शरद पवार खेमे के सांसद संपर्क में