दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंजीत महल गैंग के सक्रिय सदस्य और लंबे समय से फरार चल रहे गैंगस्टर लोकेश उर्फ सूर्या को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गुरुग्राम के सेक्टर-29 इलाके से पकड़ा गया। उस पर राजस्थान पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक रिवॉल्वर, छह जिंदा कारतूस, एक कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद हथियारों के आधार पर स्पेशल सेल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज किया गया है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक लोकेश उर्फ सूर्या लंबे समय से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस का कहना है कि वह मंजीत महल गैंग का सक्रिय सदस्य है और गैंग की कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
और पढ़ें: टीएमसी में बगावत के बीच ममता बनर्जी का सख्त संदेश, कहा- कार्यकर्ताओं को बैठकें करने की अनुमति नहीं
आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट सहित 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह राजस्थान के भिवाड़ी में हुए अपहरण और लूट के एक मामले में भी वांछित था।
इसके अलावा वर्ष 2019 में हुए विकासपुरी के अमित कोचर हत्याकांड में भी आरोपी का नाम सामने आया था। आरोप है कि रंगदारी की रकम नहीं मिलने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने यह भी बताया कि कापसहेड़ा के नरेश राणा हत्याकांड में भी उसकी कथित भूमिका की जांच की जा चुकी है।
स्पेशल सेल का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से दिल्ली-एनसीआर में गैंग से जुड़ी कई संभावित आपराधिक साजिशों को विफल किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि गैंग के अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क और हाल के आपराधिक मामलों के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आगे भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
और पढ़ें: ओडिशा-झारखंड को रेलवे की बड़ी सौगात, 3,907 करोड़ की दो मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी