दिल्ली के द्वारका से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जो उन लोगों के लिए चेतावनी है जो आजकल सर्विस ऐप्स के जरिए घर में अनजान लोगों को सफाई या अन्य कामों के लिए बुलाते हैं। एक परिवार के लिए यह फैसला भारी पड़ गया, जब सफाई के लिए आई एक महिला मेड ने झूठे आरोप लगाकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी।
मामले के अनुसार, पूजा गिरी नाम की महिला को एक सर्विस ऐप के माध्यम से द्वारका स्थित चित्रकूट अपार्टमेंट में सफाई के लिए भेजा गया था। काम पूरा करने के बाद उसने 55 वर्षीय व्यक्ति पर रेप का झूठा आरोप लगाते हुए पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर दी। इसके बाद उसने पीड़ित के बेटे को धमकी दी और मामला रफा-दफा करने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की।
महिला ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वह पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर पूरे परिवार को फंसा देगी और समाज में बदनाम कर देगी। इसके बाद पीड़ित के बेटे ने समझदारी दिखाते हुए उसे पैसे देने के बहाने बुलाया और इस पूरे ब्लैकमेलिंग सौदे को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
और पढ़ें: दिल्ली में 70 वर्षीय दृष्टिबाधित महिला से दरिंदगी, दुष्कर्म की कोशिश का आरोप
जब महिला 2 लाख रुपये की आंशिक राशि लेने पहुंची, उसी समय उसके खिलाफ सबूत जुटा लिए गए और पुलिस को सूचना दी गई। द्वारका सेक्टर-23 पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि रेप का आरोप पूरी तरह झूठा था और यह सिर्फ पैसे वसूलने की साजिश थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पूजा गिरी पहले भी उसी घर में काम कर चुकी थी और उसे परिवार की जानकारी थी। फिलहाल आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और उसके पास से 2 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
और पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में पूर्व बीजेपी नेता बृज लाल कांग्रेस में शामिल, 2027 चुनाव से पहले बड़े बदलाव के संकेत