फीफा वर्ल्ड कप 2026 में नॉकआउट चरण की दौड़ तेज हो गई है, जहां अर्जेंटीना, फ्रांस, ऑस्ट्रिया और नॉर्वे की टीमें अपने दूसरे मुकाबले में मैदान पर उतरेंगी। मैचडे 12 पर फुटबॉल के तीन दिग्गज खिलाड़ी—लियोनेल मेसी, किलियन एमबाप्पे और एर्लिंग हालांड—एक बार फिर सुर्खियों में रहेंगे।
टूर्नामेंट की शुरुआत में ही इन तीनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। फ्रांस के कप्तान किलियन एमबाप्पे ने सेनेगल के खिलाफ दो गोल दागकर रिकॉर्ड बनाया और वह अब अपने देश के लिए अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उन्होंने वर्ल्ड कप में अपने गोलों की संख्या 14 तक पहुंचा दी है।
वहीं नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालांड ने भी अपने पहले ही मैच में दो गोल कर धमाकेदार शुरुआत की। नॉर्वे ने 28 साल बाद वर्ल्ड कप में वापसी की है और हालांड ने टीम को 4-1 की जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
और पढ़ें: कीर स्टारमर के इस्तीफे के बाद एंडी बर्नहैम ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री पद के प्रमुख दावेदार
इसके बाद अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ शानदार हैट्रिक लगाकर इतिहास रच दिया। वह अब फीफा वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं और रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।
मैचडे 12 पर अर्जेंटीना बनाम ऑस्ट्रिया, फ्रांस बनाम इराक, नॉर्वे बनाम सेनेगल और जॉर्डन बनाम अल्जीरिया मुकाबले खेले जाएंगे। अर्जेंटीना, फ्रांस, ऑस्ट्रिया और नॉर्वे की टीमें नॉकआउट में जगह बनाने के बेहद करीब हैं, क्योंकि सभी के पास शुरुआती जीत के बाद तीन-तीन अंक हैं।
अगर अर्जेंटीना और फ्रांस अपने मुकाबले जीतते हैं तो वे राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर सकते हैं। वहीं मेसी और एमबाप्पे गोल्डन बूट की दौड़ में भी आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं, जिससे आने वाले मुकाबले और रोमांचक हो गए हैं।
और पढ़ें: शिवसेना यूबीटी को बड़ा झटका, 6 सांसद शिंदे गुट में शामिल; ऑपरेशन टाइगर सफल होने का दावा