हरियाणवी अभिनेता और गायक अंकित बालियान की बुधवार शाम उत्तर प्रदेश के शामली जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने अंकित पर करीब 10 से 15 राउंड गोलियां चलाईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
अंकित बालियान मूल रूप से शामली के बांटीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। वह पिछले कुछ समय से हरियाणा के रोहतक और सोनीपत में रहकर हरियाणवी संगीत और मनोरंजन जगत में काम कर रहे थे। उन्होंने कई लोकप्रिय गीतों में अभिनय और गायन किया था। उनका गीत ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ काफी चर्चित हुआ था।
जिम से निकलते ही हुई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, अंकित रोजाना की तरह जिम आए थे। बुधवार को वह शाम करीब चार से सवा चार बजे के बीच जिम पहुंचे थे। व्यायाम करने के बाद जैसे ही वह बाहर निकले, हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं।
और पढ़ें: ओपी राजभर ने आर्थिक आधार पर आरक्षण का किया समर्थन, अखिलेश यादव को मुस्लिम सीएम बनाने की चुनौती
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर लोग बाहर आए तो अंकित घायल अवस्था में पड़े थे। बताया गया कि चार हमलावर पैदल आए थे और उनके हाथों में पिस्तौल थीं। वारदात के तुरंत बाद सभी आरोपी भाग गए।
जिला पंचायत चुनाव लड़ने की थी तैयारी
रिपोर्टों के मुताबिक, अंकित बालियान आगामी जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल उनकी चुनावी तैयारियों और हत्या के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है।
अंकित की हत्या के बाद उनके परिवार, परिचितों और हरियाणवी संगीत जगत में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक भी घटना पर दुख जता रहे हैं।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांचकर्ता घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि वे कहां से आए थे और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए। हत्या का वास्तविक मकसद जांच पूरी होने के बाद ही सामने आने की उम्मीद है।
और पढ़ें: नेपाल की बाढ़ के बीच भारत ने भेजी 10 टन मानवीय सहायता, राहत-बचाव अभियान जारी