लखनऊ के इंदिरा नगर इलाके में बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक ज्वैलर समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और ज्वैलर की दुकान से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इलाके में पिछले कुछ समय से दोपहर के वक्त बंद घरों में चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने कई टीमें बनाकर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर अर्जुन पाण्डेय उर्फ ईशु पाण्डेय, मोहम्मद सिराज उर्फ राजू, बबलू उर्फ मनोज, अरविन्द यादव उर्फ धरविन्द्र यादव और अखिलेश कुमार गौतम को गिरफ्तार किया गया।
पहले करते थे रेकी, फिर तोड़ते थे ताला
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कार और बाइक से दिन के समय इलाके में घूमकर बंद मकानों की पहचान करते थे। घर के आसपास किसी व्यक्ति की मौजूदगी नहीं होने की पुष्टि करने के बाद वे मौका देखकर ताला तोड़ते और घर में घुस जाते थे।
और पढ़ें: छात्रों को झूठे ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देने वाला पुलिसकर्मी हटाया गया, जांच शुरू
चोरी के बाद आरोपी जेवरात और अन्य कीमती सामान बेचने के लिए चौक इलाके में पहुंचते थे। जांच के दौरान पुलिस चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वैलर दुर्गा शंकर वर्मा तक पहुंची। उसकी दुकान पर दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
नकदी और आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपियों और ज्वैलर के कब्जे से 52,400 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा सोने की चेन, टॉप्स, लॉकेट और अंगूठियां तथा चांदी की 10 पायल भी मिली हैं।
आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए गए। इनमें छैनी, प्लास, सब्बल, हथौड़ी और कुल्हाड़ी शामिल हैं। रेकी और चोरी की वारदात में इस्तेमाल एक चार पहिया वाहन भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इंदिरा नगर और आसपास के क्षेत्रों में गिरोह ने कितने बंद मकानों को निशाना बनाया था।
और पढ़ें: सहारनपुर में सांसद इमरान मसूद का स्थानीय लोगों ने किया घेराव, सड़क बनवाने की मांग