मुंबई के कुर्ला स्थित कुरेशी नगर में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां काम के दौरान एक विशाल क्रेन अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए। हादसे के कारण रेलवे की ओवरहेड विद्युत लाइन भी प्रभावित हुई, जबकि रेलवे लाइन के किनारे बनी कई झोपड़ियों को नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के मुताबिक, यह क्रेन मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के एक कार्यस्थल पर इस्तेमाल की जा रही थी। काम के दौरान क्रेन कुर्ला और ट्रॉम्बे के बीच स्थित सिंगल रेलवे लाइन की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन पर जा गिरी। क्रेन का आकार काफी बड़ा होने के कारण आसपास की कई झोपड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। घायल छह लोगों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
और पढ़ें: बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया ने घोषित की प्लेइंग इलेवन, मैट रेनशॉ की वापसी
रेलवे लाइन पर पड़ा असर
मध्य रेलवे ने बताया कि क्रेन कुर्ला और ट्रॉम्बे के बीच ओवरहेड विद्युत लाइन पर गिरी है। हालांकि, इस घटना से यात्री रेल सेवाओं पर बड़ा असर नहीं पड़ा है। इसकी वजह यह है कि यह सिंगल लाइन है और मुख्य रूप से मालगाड़ियों के संचालन के लिए इस्तेमाल की जाती है।
बीएमसी ने दी जानकारी
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, मौके पर मौजूद जूनियर इंजीनियर से मिली जानकारी के मुताबिक, वहां महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) की ओर से हटाने या तोड़फोड़ का काम शुरू किया जाना था। इसी प्रक्रिया के लिए पोकलेन मशीन की मदद से क्रेन लगाई जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
बीएमसी ने बताया कि छह घायलों को सायन अस्पताल और दो अन्य घायलों को कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
प्रशासन की टीम यह भी जांच कर रही है कि मलबे में कोई अन्य व्यक्ति फंसा हुआ तो नहीं है। मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
और पढ़ें: छात्र प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से गोली चलाने का आरोप, राहुल गांधी पीड़ित के साथ एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे