उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने सोमवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार राज्यों में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी सतपाल उर्फ सत्तू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसकी ओर से की गई फायरिंग में एक सब-इंस्पेक्टर और एक सिपाही भी घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, 19 जून को तितावी क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की रिपोर्ट सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने 10 विशेष टीमों का गठन किया। जांच के दौरान करीब एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके बाद आरोपी की लोकेशन का पता चला।
सोमवार रात बामनहेड़ी-रुड़की रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ओरा कार को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और गिरफ्तार कर लिया गया।
और पढ़ें: चंडीगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता, मौली जागरण हत्याकांड में चार आरोपी गिरफ्तार
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि चंडीगढ़ निवासी सतपाल उर्फ सत्तू हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, सामूहिक दुष्कर्म और रंगदारी सहित दो दर्जन से अधिक मामलों में वांछित था। वह फरवरी 2026 में लुधियाना जेल से फरार हो गया था और पिछले कुछ महीनों में कई राज्यों में नाबालिग लड़कियों के अपहरण और दुष्कर्म की वारदातों को अंजाम देने का आरोपी है।
पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध पिस्टल, कारतूस, मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड, ओरा कार और अपहृत किशोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।
इसी बीच, मुजफ्फरनगर में रोहित सिंह हत्याकांड का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने उसके करीबी दोस्त राहुल सिंह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पत्नी से कथित संबंधों के शक में राहुल ने रोहित की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
और पढ़ें: चंडीगढ़ मेडिकल स्टोर हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी घायल