पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक पुलिस चौकी पर हुए बड़े आतंकी हमले में कम से कम नौ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य पुलिसकर्मी अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने मंगलवार (7 जुलाई 2026) को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हमले के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला सोमवार रात जियारत जिले के मांगी डैम क्षेत्र स्थित पुलिस चौकी पर हुआ। भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने चौकी पर अचानक हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों ने हमलावरों का डटकर मुकाबला किया और जवाबी फायरिंग भी की, लेकिन आतंकवादी चौकी में घुसने में सफल रहे।
जियारत के डिप्टी कमिश्नर अब्दुल कुदूस अचकजई ने बताया कि हमले में नौ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है, जबकि पांच जवानों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। उनकी तलाश के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और अतिरिक्त पुलिस व सुरक्षा बलों को इलाके में तैनात किया गया है।
और पढ़ें: कराची में पाकिस्तान रेंजर्स मुख्यालय पर बड़ा आतंकी हमला, विस्फोट और गोलीबारी में 4 सुरक्षाकर्मियों की मौत
बलूचिस्तान सरकार ने कहा कि हमले के बाद शुरू किए गए संयुक्त अभियान में 'फितना अल ख्वारिज' से जुड़े 15 आतंकवादी मारे गए हैं। हालांकि स्वतंत्र रूप से इस दावे की पुष्टि नहीं हो सकी है।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सरकार बलूचिस्तान में शांति और स्थिरता को बाधित करने की हर साजिश को विफल करेगी। उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि बलूचिस्तान लंबे समय से हिंसा और उग्रवाद से प्रभावित रहा है। हाल ही में प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने दावा किया था कि उसने 21 से 30 जून के बीच प्रांत के विभिन्न इलाकों में 23 हमले किए, जिनमें पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के 16 जवान मारे गए और कई अन्य घायल हुए। संगठन के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने कहा था कि इन हमलों में सुरक्षा प्रतिष्ठानों और सरकारी ढांचे को निशाना बनाया गया।
और पढ़ें: शोएब अख्तर के भाई के जनाजे में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों की मौजूदगी का आरोप, वीडियो से मचा बवाल