उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति की हत्या कर उसे हादसा दिखाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में सच सामने आ गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह घटना मालवा थाना क्षेत्र के असवार तारापुर गांव की है। यहां 27 जून को अवधेश कुमार उर्फ पवन की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई थी। शुरुआत में पत्नी प्रीति उर्फ विनीता ने दावा किया कि पति शराब के नशे में बीड़ी जलाकर सो गए थे, जिससे आग लग गई और उनकी मौत हो गई।
पुलिस को दिए बयान में महिला ने कहा कि वह बैंक पैसे निकालने गई थी और लौटने पर घर से धुआं निकलता देखा। पड़ोसियों की मदद से आग बुझाई गई, लेकिन तब तक अवधेश की मौत हो चुकी थी।
और पढ़ें: ओडिशा के गंजाम में समुद्र में समाया घर, तटीय कटाव से 17 गांवों में बढ़ी चिंता
हालांकि, मृतक के भाई राजकुमार ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले की दोबारा जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान महिला के बयान में विरोधाभास मिलने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, महिला ने स्वीकार किया कि वह अपने पति के शराब पीने और मारपीट से परेशान थी। इसी गुस्से में उसने पति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और बाद में पड़ोसियों को बुलाकर घटना को हादसा बताने की कोशिश की।
फतेहपुर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बैंक बंद होने के बावजूद महिला द्वारा पैसे निकालने का दावा भी जांच में संदिग्ध पाया गया, जिससे शक और गहरा गया। जांच में सामने आया कि मृतक शराब का आदी था और आए दिन पत्नी से मारपीट करता था।
गांव वालों के अनुसार, अवधेश लंबे समय से शराब का आदी था और घर का सामान तक बेच देता था। शादी के 12 साल बाद भी उनके कोई संतान नहीं थी।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
और पढ़ें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन किया, संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत