हिमाचल प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन की शनिवार को शिमला में एक प्रदर्शन के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें चक्कर आने के बाद मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संभाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, हर्ष महाजन शिमला स्थित डीसी कार्यालय के बाहर आयोजित बीजेपी के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। यह प्रदर्शन बीडीसी चेयरमैन और जिला परिषद चेयरमैन के गठन में कथित देरी के खिलाफ आयोजित किया गया था। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा।
इसी दौरान जब बीजेपी विधायक बलवीर वर्मा पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, तब हर्ष महाजन उनके पास खड़े थे। अचानक उन्हें चक्कर आया और उनका संतुलन बिगड़ गया। मौके पर मौजूद बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें संभाल लिया, जिससे वे गिरने से बच गए।
और पढ़ें: महाराष्ट्र टीईटी 2026 का पेपर लीक, परीक्षा से एक दिन पहले स्थगित; भिवंडी से सामने आया मामला
घटना के तुरंत बाद उन्हें डीसी कार्यालय के बाहर खड़ी एचआरटीसी टैक्सी से इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी), शिमला ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी जांच की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्हें सिंकोप अटैक (Syncope) आया था। यह ऐसी स्थिति होती है जिसमें मस्तिष्क तक रक्त प्रवाह अस्थायी रूप से कम हो जाने के कारण व्यक्ति बेहोश हो सकता है या चक्कर खाकर गिर सकता है। उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है और उन्हें सीसीयू में निगरानी के लिए रखा गया है।
हर्ष महाजन वर्ष 2024 में कांग्रेस उम्मीदवार को हराकर राज्यसभा पहुंचे थे। चंबा में जन्मे महाजन पूर्व पशुपालन मंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी, लेकिन सितंबर 2022 में पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे।
और पढ़ें: एफआईएच प्रो लीग में भारत का पाकिस्तान पर 7-1 से ऐतिहासिक विजय, चिर प्रतिद्वंद्वी को बुरी तरह रौंदा