अमेरिका में शक्तिशाली तूफान ‘इसायस’ ने भारी तबाही मचाई है। फ्लोरिडा के पैनहैंडल क्षेत्र और अलबामा के तटीय इलाकों में तेज हवाओं, मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। तूफान के दौरान हवाओं की रफ्तार 169 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। इसके चलते दोनों राज्यों में 5.94 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं की आपूर्ति बाधित हो गई। कई सड़कें पानी में डूब गईं, पेड़ उखड़ गए और बिजली की लाइनें टूट गईं।
डेस्टिन के पास तट से टकराया तूफान
राष्ट्रीय तूफान केंद्र के मुताबिक, तूफान फ्लोरिडा के डेस्टिन के पास तट से टकराया। उस समय हवाएं 169 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थीं। फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसैंटिस ने लोगों से घरों में रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की। उन्होंने अचानक बाढ़ आने के खतरे को लेकर भी चेतावनी दी।
और पढ़ें: जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नेहा बोरा, प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव हिरासत में
मौसम विभाग ने फ्लोरिडा के पैनहैंडल और दक्षिणी जॉर्जिया में बवंडर आने की आशंका जताई। अलबामा के मोबाइल शहर में पेड़ गिरने और बिजली की लाइनें टूटने की खबरें आईं। खराब मौसम के कारण फ्लोरिडा की कुछ काउंटी में आपातकालीन सेवाएं अस्थायी रूप से रोकनी पड़ीं। कई इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए।
समुद्र में ऊंची लहरों की चेतावनी
राष्ट्रीय तूफान केंद्र ने समुद्र में छह से नौ फीट तक ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई। दक्षिणी अलबामा, पश्चिमी फ्लोरिडा पैनहैंडल और दक्षिणी मिसिसिपी में भी खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई। अधिकारियों ने लोगों को बिजली कटौती, पेट्रोल की कमी और पुलों तथा राजमार्गों के बंद होने की आशंका के मद्देनजर सतर्क रहने को कहा।
राहत और बचाव कार्यों के लिए फ्लोरिडा में नेशनल गार्ड के करीब पांच हजार सैनिकों और वायुसैनिकों को तैनात किया गया। खोज एवं बचाव दलों को तैयार रखा गया और कुछ जेलों से कैदियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
उड़ानें प्रभावित, भारी बारिश का खतरा बरकरार
तूफान के कारण फ्लोरिडा के पैनहैंडल क्षेत्र के कई हवाई अड्डों पर उड़ानें प्रभावित हुईं। डेस्टिन-फोर्ट वाल्टन बीच हवाई अड्डे से आने-जाने वाली उड़ानें रोक दी गईं। राष्ट्रीय तूफान केंद्र के अनुसार, तट से टकराने के बाद तूफान कमजोर पड़ने लगा था और शनिवार दोपहर तक उष्णकटिबंधीय तूफान में बदलने का अनुमान था। हालांकि, भारी बारिश और बाढ़ का खतरा बना हुआ था।
और पढ़ें: दिल्ली में हिरासत से पहले एयर इंडिया के यात्री ने सीजेपी नेताओं से कहा, आपको शर्म आनी चाहिए