कार्डिफ़ के सोफ़िया गार्डन्स में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को चार विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज़ 1-1 से बराबर कर ली। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज़ का निर्णायक मुकाबला 19 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन मध्यक्रम के अचानक बिखर जाने से टीम बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रही। रोहित शर्मा ने 47 गेंदों पर केवल 26 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल भी 26 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 65 रन की अर्धशतकीय पारी खेली और श्रेयस अय्यर के साथ पारी को संभाला।
कोहली के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर ने 66 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिला। वॉशिंगटन सुंदर 2 रन, अक्षर पटेल 1 रन और शिवम दुबे बिना खाता खोले आउट हो गए। भारत का स्कोर एक समय 178/3 था, लेकिन टीम 210/8 तक लड़खड़ा गई और अंततः 233 रन पर सिमट गई।
और पढ़ें: नीट-यूजी 2026 री-टेस्ट का रिजल्ट जारी, 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल; छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया
इंग्लैंड की ओर से जॉफ़्रा आर्चर और गस एटकिंसन ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि साक़िब महमूद ने दो सफलताएं हासिल कीं। भारत को इस मैच में मध्यक्रम में केएल राहुल की कमी साफ महसूस हुई।
234 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा ने शुरुआती दो विकेट जल्दी झटक दिए। हालांकि इसके बाद जो रूट ने जिम्मेदारी संभालते हुए नाबाद 99 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने विल जैक्स और सैम करन के साथ अहम साझेदारियां निभाईं और इंग्लैंड को 35 गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
अब भारत को सीरीज़ जीतने के लिए लॉर्ड्स में होने वाले अंतिम वनडे में बल्लेबाजी और मध्यक्रम के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार करना होगा।
और पढ़ें: दूसरे वनडे में रोमांच चरम पर, इंग्लैंड के 94 रन पर गिरे 4 विकेट, मुकाबला रोमांचक मोड़ पर