अमेरिका में हत्या की शिकार हैदराबाद की 27 वर्षीय निकिता गोदिशाला के माता-पिता ने आरोपी की गिरफ्तारी को अहम सफलता बताया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की मौत से जुड़े कई सवालों के जवाब अभी भी सामने आने बाकी हैं। परिवार ने अमेरिकी अधिकारियों से जांच में पारदर्शिता और सहयोग की अपील की है।
निकिता का शव तीन जनवरी को कोलंबिया स्थित उसके पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा के अपार्टमेंट में मिला था। उसके शरीर पर चाकू से वार किए जाने के निशान थे। अर्जुन की उम्र 26 वर्ष है। पुलिस के अनुसार, शर्मा ने निकिता के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी और बताया था कि उसने उसे आखिरी बार 31 दिसंबर को अपने अपार्टमेंट में देखा था। शिकायत दर्ज कराने के कुछ घंटे बाद ही वह भारत के लिए रवाना हो गया था।
इसके बाद हैदराबाद पुलिस की टीम ने 24 अगस्त को उसे उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित एक फ्लैट से पकड़ लिया।
और पढ़ें: हिमाचल प्रदेश: सिरमौर में पार्किंग स्थल पर फल विक्रेता की चाकू मारकर हत्या
निकिता के माता-पिता ने कहा कि यह गिरफ्तारी अंत नहीं, बल्कि न्याय की दिशा में एक शुरुआत है। उन्होंने बताया कि उन्होंने बेटी के लिए न्याय पाने के लिए करीब 200 फोन कॉल किए और लगातार अधिकारियों से संपर्क किया।
परिवार ने आरोप लगाया कि निकिता का शव एक सूटकेस के अंदर मिला था, लेकिन इसकी आधिकारिक जानकारी उन्हें अमेरिकी अधिकारियों से नहीं मिली। उन्हें यह जानकारी मीडिया रिपोर्टों से मिली।
माता-पिता ने यह भी दावा किया कि अमेरिका में नौकरी जाने के बाद अर्जुन ने निकिता और परिवार के कुछ सदस्यों से पैसे उधार लिए थे। उन्होंने जांच एजेंसियों से निकिता के बैंक खातों, मोबाइल फोन, संदेशों और वित्तीय लेन-देन की जांच करने की मांग की है, ताकि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
और पढ़ें: दिल्ली में 17 वर्षीय किशोरी की हत्या, चचेरे भाई ने सूटकेस में शव भरकर बुराड़ी में फेंका