ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने हाल ही में देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई से मुलाकात की। खामेनेई के कार्यालय ने रविवार को इसकी पुष्टि की, हालांकि बैठक कब और कहां हुई, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। यह मुलाकात इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि सर्वोच्च नेता का पद संभालने के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं।
खामेनेई के कार्यालय के बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने अपने राष्ट्रपति कार्यकाल के तीसरे वर्ष की शुरुआत में अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई से मुलाकात की और उनसे बातचीत की।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब पेजेश्कियान ने हाल ही में कहा था कि खामेनेई से संवाद करना फिलहाल बेहद कठिन हो गया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि ईरान के संघर्ष के दौरान सर्वोच्च नेता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और उनका मार्गदर्शन देश के लिए बड़ी ताकत है।
और पढ़ें: होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के बदले ईरान परमाणु समझौते पर दबाव छोड़ सकते हैं ट्रंप: रिपोर्ट
पेजेश्कियान की टिप्पणी के बाद खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। इजरायली मीडिया में उनके गंभीर रूप से बीमार होने और कुछ दिनों में उनकी मृत्यु की आशंका से जुड़ी खबरें भी सामने आईं। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
इससे पहले एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि पेजेश्कियान ने खामेनेई से केवल एक बार मुलाकात की थी और वह बैठक तेहरान में किसी अज्ञात स्थान पर हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक कुछ मिनट चली और कमरे में पूरी तरह अंधेरा था, जिसके कारण राष्ट्रपति खामेनेई को देख भी नहीं सके।
बाद में ईरानी समाचार एजेंसी मेहर ने खामेनेई का 12 सेकंड का एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्हें अपने सलाहकारों के साथ बातचीत करते हुए दिखाया गया। वीडियो में वह अमेरिका के साथ संघर्ष को लेकर ईरान की रणनीति पर चर्चा करते नजर आए और सामान्य स्वास्थ्य स्थिति में दिखाई दिए।
और पढ़ें: होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए ईरान ने रखीं सात शर्तें, अमेरिका से व्यवहार सुधारने की मांग