इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने दावा किया कि उसने उत्तरी गाजा में हमास के दो वरिष्ठ आतंकियों को हवाई हमले में मार गिराया है। रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला कुछ समय पहले किया गया और जल्द ही इस ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इजरायली रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई हमास के शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाकर की गई।
इस बीच, फिलिस्तीन ने बताया कि गाजा सिटी के मध्य क्षेत्र में एक रिहायशी मकान पर हुए इजरायली हवाई हमले में कम से कम चार फिलिस्तीनियों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए।
इजरायल ने इससे पहले गाजा में हमास के सैन्य विंग के नए प्रमुख मोहम्मद ओदेह को भी मार गिराने का दावा किया था। इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ के निर्देश पर चलाया गया।
और पढ़ें: होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान पर अमेरिका का नया हमला, सैन्य ठिकाने को बनाया निशाना
मोहम्मद ओदेह को हमास के सैन्य संगठन का नया प्रमुख माना जा रहा था। वह 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए बड़े हमले की योजना बनाने वालों में शामिल था। इससे पहले वह हमास की खुफिया शाखा का प्रमुख रह चुका था। करीब एक सप्ताह पहले उसे एज्जेदीन अल-हद्दाद की जगह नियुक्त किया गया था, जिसे दो सप्ताह पहले गाजा में आईडीएफ ने मार गिराया था।
इजरायल का आरोप है कि ओदेह इजरायली नागरिकों और सैनिकों की हत्या, अपहरण और हमलों में सीधे तौर पर शामिल था। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, “हमने अब मोहम्मद ओदेह को निशाना बनाया है। 7 अक्टूबर हमले में शामिल हर व्यक्ति तक हम पहुंचेंगे।”
इसी दौरान इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर भी हमले तेज कर दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इस सप्ताह अब तक हिजबुल्लाह के 550 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया जा चुका है।
और पढ़ें: कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज, इस्तीफे की अफवाहों के बीच सिद्धारमैया की अहम बैठक