गाजा पट्टी में सोमवार, 2 नवंबर 2026 को इजरायल की ओर से किए गए हवाई हमलों में कम से कम तीन फिलिस्तीनियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। चिकित्साकर्मियों के मुताबिक, दक्षिणी गाजा के खान यूनिस में दो अलग-अलग हवाई हमलों में दो लोगों की जान चली गई, जबकि छह लोग घायल हुए। वहीं, अल-मुसद्दर कस्बे में इजरायली हवाई हमले में एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई।
इजरायली सेना ने गाजा पट्टी में दो हमले किए जाने की पुष्टि की है। सेना के अनुसार, इन हमलों में फिलिस्तीनी लड़ाकों को निशाना बनाया गया। हालांकि, हमलों से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई।
इजरायल का आरोप है कि हमास एक साल पुराने युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए दोबारा हथियार जुटा रहा है और हमले करने की तैयारी कर रहा है। इसी आधार पर इजरायल ने हाल के सप्ताहों में हमास के ठिकानों पर हमले तेज किए हैं। दूसरी ओर, हमास ने इन आरोपों को खारिज किया है। संगठन का कहना है कि वह न तो हमले करने की कोशिश कर रहा है और न ही अपने हथियारों का जखीरा दोबारा तैयार कर रहा है। हमास ने इजरायल पर गाजा शांति समझौते को कमजोर करने का आरोप लगाया है।
और पढ़ें: वेस्ट बैंक में इजरायल का सीमित आतंकवाद विरोधी अभियान, दो सैनिकों की मौत के बाद बढ़ा तनाव
पिछले वर्ष अमेरिका की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम समझौते में गाजा के पुनर्निर्माण की योजना शामिल थी, लेकिन बातचीत में हमास को निरस्त्र करने और इजरायली सैनिकों की वापसी पर सहमति नहीं बन पाई है। इजरायल का नियंत्रण अब भी गाजा के लगभग दो-तिहाई हिस्से पर है।
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, युद्धविराम के बाद से इजरायली हमलों में कम से कम 1,580 फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। वहीं, इजरायल ने अपने चार सैनिकों की मौत की जानकारी दी है। फिलिस्तीनी अधिकारियों के अनुसार, 7 अक्टूबर 2023 से शुरू हुए इजरायली सैन्य अभियान में अब तक 74 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
और पढ़ें: बम की धमकी के बाद तेल अवीव से वियना जा रहे ऑस्ट्रियन एयरलाइंस विमान की बुल्गारिया में आपात लैंडिंग