अमेरिका के फ्लोरिडा में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आलीशान आवास मार-ए-लागो के पास एक भीषण विमान हादसा हुआ है। रविवार को नौ लोगों को लेकर जा रहा एक बिजनेस जेट रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद विमान में जोरदार विस्फोट हुआ और आग का विशाल गोला आसमान में उठता दिखाई दिया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई।
यह हादसा दक्षिण फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके में दोपहर करीब 12:50 बजे हुआ। दुर्घटनास्थल ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट से लगभग नौ मील यानी 14 किलोमीटर दूर है। लियरजेट-60 नाम का यह विमान आसपास के मकानों से बाल-बाल बचते हुए एक व्यस्त सड़क के पास गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया और वहां आग की लपटें फैल गईं।
अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के मुताबिक, विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। इसका गंतव्य बहामास था। विमान करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर पूर्व दिशा में उड़ रहा था। इसी दौरान पायलटों ने खराब मौसम, बर्फ जमने और बारिश जैसी परिस्थितियों की सूचना दी थी। उन्होंने विमान को 2,000 फीट और ऊपर ले जाने की अनुमति भी मांगी थी।
और पढ़ें: ईरान पर दोबारा सैन्य कार्रवाई की तैयारी में अमेरिका? ट्रंप ने नेतन्याहू से फोन पर की बातचीत
अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने हादसे को बेहद दुखद त्रासदी बताया और सभी नौ लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि एफएए की एक टीम राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) की जांच में सहयोग करेगी।
फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने हादसे को विनाशकारी बताते हुए कहा कि विमान मिसाइल की तरह नीचे गिरता दिखाई दिया।
हादसे के बाद मिलिट्री ट्रेल और टेंथ एवेन्यू नॉर्थ के आसपास की सड़कें बंद कर दी गईं। दमकलकर्मी और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्घटना के कारणों और मृतकों की पहचान का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
और पढ़ें: ट्रंप ने ईरान युद्ध का बचाव किया, कहा- हमारे पास समय है, वेनेजुएला से खर्च की भरपाई हो गई