महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कपिल दहिया, सोनू सिंह और मिथुन सिंह शामिल हैं। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़ गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
पेपर लीक विवाद के बीच महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की है कि अगले वर्ष से टीईटी परीक्षा ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। सरकार का कहना है कि इस कदम से परीक्षा प्रक्रिया अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और पेपर लीक जैसी घटनाओं से मुक्त हो सकेगी।
राज्य सरकार ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली लागू करने के लिए एक विशेष समिति का गठन करेगी। यह समिति परीक्षा को ऑफलाइन से ऑनलाइन मोड में बदलने के लिए तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियों का खाका तैयार करेगी। साथ ही पूरे राज्य में नई व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू करने के लिए आवश्यक सुझाव भी देगी।
और पढ़ें: स्पेसएक्स का AI डिवाइस प्रोटोटाइप लीक होने का दावा, क्या एलन मस्क ला रहे हैं स्मार्टफोन जैसा नया गैजेट?
यह फैसला हाल ही में सामने आए टीईटी पेपर लीक मामले के बाद लिया गया है। पेपर लीक की आशंका के चलते 28 जून को होने वाली परीक्षा को स्थगित करना पड़ा था। घटना के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे और पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब भिवंडी पुलिस ने बिहार और हरियाणा से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से टीईटी प्रश्नपत्र की मूल प्रतियां बरामद हुईं। उनके कब्जे से मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नकदी और प्रश्नपत्र की चार प्रतियां भी जब्त की गईं।
बाद में शिक्षा विभाग ने पुष्टि की कि बरामद प्रश्नपत्र असली थे और अगले दिन होने वाली परीक्षा के लिए तैयार किए गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। एसआईटी पूरे रैकेट का पर्दाफाश करने में जुटी है और अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें: एयर इंडिया एक्सप्रेस ने ओमान और कुवैत के लिए फिर शुरू की उड़ानें, पश्चिम एशिया नेटवर्क पूरी तरह बहाल