अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में मियामी बीच के पास एक पर्यटक नाव में हुए विस्फोट से कम से कम 11 लोग घायल हो गए। यह हादसा बिस्केन खाड़ी स्थित प्रसिद्ध हॉलओवर सैंडबार इलाके में हुआ, जो पर्यटकों और नौकायन प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय माना जाता है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अधिकारियों के मुताबिक विस्फोट एक चार्टर नाव पर हुआ, जिसमें कई यात्री सवार थे। दोपहर के आसपास मियामी-डेड फायर रेस्क्यू विभाग को धमाके की सूचना मिली, जिसके बाद बड़ी संख्या में राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
राहत एजेंसियों ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दो दर्जन से अधिक आपातकालीन इकाइयों को तैनात किया गया। मौके पर पहुंचे बचावकर्मियों ने कई घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया। बाद में 11 लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने घायलों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है, लेकिन कुछ यात्रियों को गंभीर जलन और अन्य चोटें आई हैं।
और पढ़ें: शोभनदेब चट्टोपाध्याय बने पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष
रिपोर्टों के अनुसार, हादसे के समय नाव में लगभग 14 लोग सवार थे। प्रारंभिक जांच में नाव में गैस रिसाव को विस्फोट की संभावित वजह माना जा रहा है। एक यात्री ने बताया कि धमाके से पहले गैस जैसी गंध महसूस हुई थी।
फ्लोरिडा फिश एंड वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन कमीशन ने कहा कि जांचकर्ता नाव की तकनीकी जांच कर रहे हैं और सबूत जुटाए जा रहे हैं। अमेरिकी तटरक्षक बल भी जांच और राहत अभियान में शामिल हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि कुछ यात्री धुएं के बीच नाव से पानी में जा गिरे। घटना ने इलाके में मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया।
और पढ़ें: डेनवर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा: रनवे में घुसे व्यक्ति को विमान ने कुचला, 17 घायल