इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का गुप्त दौरा किया। जानकारी रखने वाले दो लोगों के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। यह बैठक रविवार को हुई।
सूत्रों के अनुसार, नेतन्याहू के इस गुप्त दौरे का मुख्य उद्देश्य उन खबरों पर चर्चा करना था, जिनमें दावा किया गया था कि शेख मोहम्मद ने 7 अक्टूबर 2023 को दक्षिणी इजरायल पर हमास के हमले की पहले से चेतावनी दी थी। इजरायली नेता की यात्रा की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि नेतन्याहू ने यूएई के राष्ट्रपति से इस रिपोर्ट का खंडन करने का अनुरोध किया।
नेतन्याहू की यूएई यात्रा की खबर सबसे पहले इजरायल के चैनल 12 टेलीविजन स्टेशन ने दी थी। बताया गया कि बातचीत का प्रमुख मुद्दा इजरायली अखबार ‘हारेत्ज़’ में इस महीने की शुरुआत में प्रकाशित एक रिपोर्ट थी। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अमीराती नेता ने नेतन्याहू को हमास के हमले के बारे में चेतावनी दी थी। इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय पहले ही इस रिपोर्ट का खंडन कर चुका है।
और पढ़ें: नेतन्याहू के UNGA भाषण के दौरान कई प्रतिनिधियों ने किया वॉकआउट, बोले- नैतिक रूप से कायर
यूएई के विदेश मंत्रालय ने बैठक की खबर पर टिप्पणी करने से इनकार किया। हालांकि, मंत्रालय ने कहा कि यूएई इजरायल के साथ खुले और सीधे संपर्क बनाए रखता है तथा संबंधित खुफिया जानकारी साझा करता है। नेतन्याहू के कार्यालय ने भी तत्काल कोई नई टिप्पणी नहीं की।
7 अक्टूबर 2023 को हमास ने इजरायल पर बड़े पैमाने पर रॉकेट हमले किए थे। इसके बाद इजरायल ने गाजा पट्टी में सैन्य कार्रवाई शुरू की। इस हमले के बाद क्षेत्र में व्यापक संघर्ष शुरू हुआ, जो आगे चलकर लंबे युद्ध में बदल गया।
और पढ़ें: रोश हशनाह पर पीएम मोदी ने नेतन्याहू और यहूदी समुदाय को दी शुभकामनाएं