ओपनएआई ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में अपने हार्डवेयर विस्तार को तेज करते हुए पहला कस्टम एआई चिप ‘जलापेयो’ विकसित किया है। कंपनी ने यह चिप अमेरिकी सेमीकंडक्टर कंपनी ब्रॉडकॉम के साथ मिलकर तैयार किया है। इसे मुख्य रूप से एआई इनफरेंस के लिए डिजाइन किया गया है, यानी वह प्रक्रिया जिसमें प्रशिक्षित एआई मॉडल उपयोगकर्ताओं के सवालों के जवाब और अन्य परिणाम तैयार करते हैं।
ओपनएआई के अनुसार, जलापेयो को सामान्य कंप्यूटिंग के बजाय विशेष रूप से उसके एआई मॉडलों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। कंपनी ने इसका परीक्षण जीपीटी-ओएसएस 120बी, डीपसीक आर1 और किमी के2.5 1टी जैसे बड़े एआई मॉडलों के साथ किया है।
चिप के डिजाइन में ब्रॉडकॉम की अहम भूमिका रही, जबकि सेलेस्टिका ने बोर्ड सिस्टम और निर्माण से जुड़े काम में सहयोग किया। ओपनएआई का कहना है कि वह चिप, सॉफ्टवेयर, मेमोरी और नेटवर्किंग समेत पूरे एआई ढांचे को एक साथ अनुकूलित करने पर ध्यान दे रही है।
और पढ़ें: नेपाल में तिब्बत सीमा के पास भीषण बाढ़, रसुवा में गांव बहा; करीब 1,000 लोगों के लापता होने की आशंका
कंपनी के मुताबिक, जलापेयो पहले इस्तेमाल किए जा रहे हार्डवेयर की तुलना में प्रति वाट बिजली पर 1.9 गुना तक अधिक एआई कार्य कर सकता है। वहीं, परिणाम हासिल करने में लगने वाला समय यानी लेटेंसी 3.6 गुना तक कम हो सकता है। कुछ इंटरैक्टिव कार्यों में यह गति चार गुना तक बेहतर होने का दावा किया गया है।
हालांकि, जलापेयो फिलहाल एनवीडिया के ग्राफिक्स प्रोसेसरों की जगह नहीं लेगा। ओपनएआई 2026 के अंत तक सीमित मात्रा में चिप की तैनाती शुरू करने और 2027 में इसका बड़े स्तर पर इस्तेमाल करने की योजना बना रही है। कंपनी एनवीडिया और अन्य हार्डवेयर निर्माताओं के साथ भी सहयोग जारी रखेगी।
खास बात यह है कि जलापेयो के विकास और अनुकूलन में ओपनएआई ने अपने एआई सिस्टम का भी इस्तेमाल किया। कंपनी के अनुसार, डिजाइन से निर्माण तक की प्रक्रिया केवल नौ महीने में पूरी हुई। इसका उद्देश्य एआई मॉडल से लेकर डेटा सेंटर तक तकनीकी ढांचे पर अधिक नियंत्रण हासिल करना है।
और पढ़ें: जादवपुर विश्वविद्यालय के छात्रावास में राष्ट्रविरोधी भित्तिचित्र के आरोपों पर जांच के निर्देश