मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और लाल सागर में जारी रुकावटों के बीच पाकिस्तान सरकार ने ईंधन बचाने और गैर-जरूरी खर्चों पर लगाम लगाने के लिए नए किफायती उपाय लागू किए हैं। इन कदमों से देश में लॉकडाउन जैसे हालात बनने की चर्चा है।
पाकिस्तान के कैबिनेट डिवीजन ने गुरुवार को नोटिफिकेशन जारी कर बताया कि उपाय तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। कई पाबंदियां कम से कम तीन महीने तक जारी रहेंगी। दुकानों, बाजारों, शॉपिंग मॉल, डिपार्टमेंटल और किराना स्टोर को रात 9 बजे तक बंद करना होगा। शादी हॉल और अन्य समारोह स्थल रात 10 बजे तथा रेस्तरां, कैफे और खाद्य प्रतिष्ठान रात 11 बजे तक बंद होंगे। टेकअवे और होम डिलीवरी को छूट दी गई है।
शादियों में केवल एक डिश परोसने का निर्देश भी दिया गया है। फार्मेसी, अस्पताल, क्लिनिक, मेडिकल लैब, ईंधन और सीएनजी स्टेशन, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, जिम, खेल सुविधाएं, आईटी कंपनियां और कॉल सेंटर समय संबंधी पाबंदियों से बाहर रहेंगे।
और पढ़ें: सऊदी-हूती संघर्ष में शामिल होगा पाकिस्तान? रक्षा मंत्री बोले- मक्का समझौते के दायित्व निभाने को तैयार
सरकारी नई गाड़ियों की खरीद पर रोक लगाई गई है। टिकाऊ सामान की खरीद पर भी प्रतिबंध रहेगा, हालांकि आईटी संबंधी खरीद और विकास परियोजनाओं को छूट दी गई है। सरकारी वाहनों के ईंधन आवंटन में तीन महीने के लिए 50 प्रतिशत कटौती होगी। सेना, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और आवश्यक सेवाओं की परिचालन गाड़ियों को छूट दी गई है।
सरकार ने कर्मचारियों से जुड़े खर्चों को छोड़कर अन्य खर्चों में हर महीने 5 प्रतिशत कटौती का निर्देश दिया है। विदेशी यात्राओं पर भी तीन महीने की रोक लगाई गई है, जबकि अनिवार्य यात्राओं में इकोनॉमी क्लास से यात्रा करनी होगी।
सरकारी कार्यक्रमों, सेमिनार, प्रशिक्षण और सम्मेलनों पर भी रोक लगाई गई है। विभागों को संभव हो तो आमने-सामने बैठकों के बजाय टेलीकॉन्फ्रेंसिंग का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
और पढ़ें: भारत ने पाकिस्तान-चीन सीमा संयुक्त आयोग को बताया अवैध और अमान्य