पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पूर्व पाकिस्तानी कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों सुलेमान खान और कासिम खान के इंटरव्यू के प्रसारण को लेकर स्काई स्पोर्ट्स के सामने औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई। यह इंटरव्यू लॉर्ड्स में पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैच के पहले दिन लंच ब्रेक के दौरान प्रसारित किया गया।
इंटरव्यू का संचालन इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइक एथर्टन ने किया था। बातचीत में इमरान खान की सेहत और जेल में उनकी स्थिति को लेकर चिंता जताई गई। इमरान खान करीब तीन वर्षों से जेल में हैं और उनके परिवार ने उनकी चिकित्सा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी ने निर्धारित लंच ब्रेक से पहले ही स्काई स्पोर्ट्स से संपर्क कर इंटरव्यू के प्रसारण पर आपत्ति जताई थी। बोर्ड ने कथित तौर पर इस संभावना पर भी विचार किया कि अगर इंटरव्यू प्रसारित किया गया तो पाकिस्तानी खिलाड़ी दूसरे सत्र के लिए मैदान पर लौटने से इनकार कर सकते हैं।
और पढ़ें: बाबर आजम ने कैसे खत्म कर दी पाकिस्तान की तेज गेंदबाजी की ताकत? पूर्व क्रिकेटर ने बताई वजह
बातचीत के बाद स्काई स्पोर्ट्स ने शुरुआत में इंटरव्यू को टाल दिया था। हालांकि बाद में करीब 18 मिनट का इंटरव्यू प्रसारित कर दिया गया। उस समय तक पाकिस्तानी खिलाड़ी दूसरे सत्र के लिए मैदान पर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इंटरव्यू समाप्त होने के बाद खिलाड़ी स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:40 बजे मैदान पर लौट आए।
एथर्टन ने सुलेमान और कासिम का इंटरव्यू बुधवार सुबह लॉर्ड्स के राइटर्स रूम में रिकॉर्ड किया था। स्काई स्पोर्ट्स ने टेस्ट मैच से पहले ही इस बातचीत का प्रचार किया था। पाकिस्तान में प्रसारण अधिकार रखने वाले पीटीवी ने हालांकि इस इंटरव्यू को प्रसारित नहीं किया।
इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता
इमरान खान की चिकित्सा स्थिति को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा है। पिछले सप्ताह पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें इस्लामाबाद के शिफा अस्पताल में भर्ती कराने का निर्देश दिया था। हालांकि उन्हें सरकारी पीआईएमएस ले जाकर चिकित्सकीय जांच कराई गई और बाद में वापस जेल भेज दिया गया।
इमरान खान की बहनों और बेटों ने आरोप लगाया कि यह सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है। उन्होंने इमरान के निजी डॉक्टर को उनसे मिलने की अनुमति देने की मांग की है।
माइक एथर्टन समेत 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पिछले सप्ताह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर जेल में इमरान खान को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की थी। इनमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान शामिल थे।
हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने इमरान खान के साथ दुर्व्यवहार या परिवार और वकीलों से संपर्क रोकने के आरोपों को खारिज किया है। सरकार के अनुसार, अगस्त 2023 में गिरफ्तारी के बाद से खान से परिवार, वकीलों और डॉक्टरों ने 900 से अधिक बार मुलाकात की है।
और पढ़ें: बाबर आजम की आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शानदार वापसी, करीब दो साल बाद टॉप-10 में पहुंचे