स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार को दो हाई स्पीड ट्रेनें आपस में टकरा गईं, जिसमें 39 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। दुर्घटनास्थल पर इमरजेंसी मेडिकल टीमें पहुंच गई हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है।
स्पेनिश रिपोर्टों के अनुसार यह हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजे स्पेन के सेविला क्षेत्र में मोरा और ओरगाज कस्बों के बीच हुआ। एक ट्रेन ने दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कई डिब्बे पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गए। टक्कर स्पेन की सरकारी रेल कंपनी की ट्रेन Renfe AVE 2080 और निजी कंपनी की ट्रेन Iryo 6076 के बीच हुई। दोनों ट्रेनों की औसत रफ्तार सामान्यतः 200 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक होती है।
हादसे के बाद राजधानी मैड्रिड को स्पेन के दक्षिणी अंदालूसिया क्षेत्र से जोड़ने वाली रेल लाइन को बंद कर दिया गया है। इस वजह से यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है और मैड्रिड के स्टेशनों पर बड़ी संख्या में यात्री ट्रेनों के इंतजार में खड़े देखे गए।
और पढ़ें: SK हाइनिक्स की एआई चिप्स की बिक्री 2029 तक बुक, रिकॉर्ड 74.64 अरब डॉलर राजस्व दर्ज
स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि वे इस खबर को सुनकर सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि राहत और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहे हैं।
टोलेडो के पास स्थित उर्दा शहर के मेयर मैनुअल गालान ने बताया कि बचाव दल ने उनसे घायलों के इलाज और देखभाल के लिए एक स्पोर्ट्स हॉल तैयार रखने के लिए कहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता दी जा सके।
अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किन वजहों से हुआ। इस बात की जांच की जाएगी कि ट्रेन समय पर क्यों नहीं रुक सकी, सिग्नल सिस्टम में कोई खराबी थी या ड्राइवर ब्रेक लगाने में चूक गया। जांच में यह भी देखा जाएगा कि टक्कर से पहले सुरक्षा प्रणालियां ठीक से काम कर रही थीं या नहीं। रिपोर्टों के मुताबिक रेनफे ट्रेन का ड्राइवर फिलहाल लापता बताया जा रहा है। ट्रेन ड्राइवरों के संगठनों ने इस हादसे को असामान्य बताया है।
गौरतलब है कि इसी साल जनवरी में भी इन्हीं दोनों कंपनियों- रेनफे और इरियो- की ट्रेनें टकराई थीं। वह हादसा अंदालूसिया के अदामुज के पास हुआ था, जिसमें 46 लोगों की जान गई थी। उस घटना में इरियो कंपनी की हाई-स्पीड ट्रेन मालागा से मैड्रिड जा रही थी और उसके कुछ डिब्बे पटरी से उतरकर दूसरी पटरी पर चले गए थे, जहां वे सामने से आ रही रेनफे की ट्रेन से टकरा गए थे। चश्मदीदों ने उस टक्कर को भूकंप जैसा झटका बताया था।
और पढ़ें: गाज़ियाबाद के गुलमोहर ग्रींस में अवैध टावर ध्वस्त करने का आदेश, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बिल्डर पर लगाया 25 लाख का जुर्माना