अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान और ईरान-अमेरिका शांति समझौते को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कहा है कि उन्हें इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से निपटना अच्छी तरह आता है। ट्रंप ने यह टिप्पणी व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान की।
पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा था कि वह वॉशिंगटन और तेहरान के बीच हुए समझौते को नेतन्याहू द्वारा नुकसान पहुंचाने से कैसे रोकेंगे। इस पर ट्रंप ने कहा कि वह अपनी रणनीति सार्वजनिक नहीं करेंगे, लेकिन समस्याओं का समाधान करना उन्हें अच्छी तरह आता है।
ट्रंप ने कहा, “मैं आपको यह नहीं बताऊंगा कि मैं क्या करने जा रहा हूं, लेकिन यह मामला सुलझ जाएगा। मैं समस्याओं का समाधान करने वाला व्यक्ति हूं और बहुत तेजी से समस्याएं हल करता हूं, जिसमें ‘बीबी’ भी शामिल हैं।” ‘बीबी’ नेतन्याहू का लोकप्रिय उपनाम है।
और पढ़ें: होर्मुज जलडमरूमध्य पर 60 दिन तक नहीं लगेगा कोई शुल्क: ट्रंप, समझौता विफल होने पर भविष्य में टोल की चेतावनी
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब इजरायल ने लेबनान में अपने सैन्य हमले जारी रखे हुए हैं। यह मुद्दा अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित 14-सूत्रीय समझौते का भी अहम हिस्सा माना जा रहा है।
इस बीच नेतन्याहू ने स्पष्ट किया है कि इजरायली सेना दक्षिण लेबनान में अपनी मौजूदगी बनाए रखेगी। उन्होंने कहा कि जब तक इजरायल के नागरिकों की सुरक्षा को खतरा रहेगा, तब तक सुरक्षा क्षेत्र में सैन्य उपस्थिति जारी रहेगी।
नेतन्याहू ने ईरान को लेकर भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जब तक वह प्रधानमंत्री हैं, तब तक ईरान कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं कर सकेगा। उन्होंने दावा किया कि यदि अमेरिका की सीमाओं पर हजारों आतंकवादी रॉकेट, बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन से हमला कर रहे होते, तो अमेरिका भी सुरक्षा क्षेत्र बनाकर अपने नागरिकों की रक्षा करता।
उन्होंने कहा कि इजरायल भी वही कर रहा है जो किसी भी देश को अपने लोगों की सुरक्षा के लिए करना चाहिए।
और पढ़ें: ट्रंप और मेलोनी के रिश्तों में आई दरार, फोटो विवाद से शुरू हुआ सार्वजनिक टकराव